ब्रिटेन में सत्ता बदल गई। लेबर पार्टी 14 साल बाद सत्ता में लौटी है। लेबर पार्टी यहां 400 का आंकड़ा पार कर चुकी है। लेबर पार्टी से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार कीर स्टार्मर (61) देश के 58वें प्रधानमंत्री बने हैं। अब तक की मतणगना में लेबर पार्टी ने 412, कंजर्वेटिव पार्टी ने 120, लिबरल डेमोक्रेट्स ने 71, सिन फिन पार्टी ने 7, एसएनपी ने 7 और अन्य ने 28 सीटें जीती हैं। परिणाम आने के बाद भारतवंशी ऋषि सुनक ने प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। ब्रिटेन में संसदीय सीट 650 है और बहुमत के लिए 326 सीटों की जरूरत होती है।
इस्तीफा देने बकिंघम पैलेस पहुंचे सुनक

चुनाव परिणाम आने के बाद ऋषि सुनक पत्नी अक्षता मूर्ति के साथ 10 डाउनिंग स्ट्रीट से निकले और बकिंघम पैलेस पहुंचे। यहां उन्होंने किंग चार्ल्स को अपना इस्तीफा सौंपा। किंग चार्ल्स ने इस्तीफे को स्वीकार कर लिया।
किंग चार्ल्स से मिले कीर स्टार्मर

इधर, प्रचंड बहुमत मिलने के बाद कीर स्टार्मर ने बकिंघम पैलेस पहुंच किंग चार्ल्स से मुलाकात की। किंग ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया था। इस मुलाकात के बाद बकिंघम पैलेस ने कहा कि कीर स्टार्मर अब आधिकारिक रूप से यूके के नए प्रधानमंत्री हैं।
स्टार्मर को पसंद करते हैं किंग चार्ल्स

द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक किंग चार्ल्स, कीर स्टार्मर को पसंद करते हैं। जलवायु परिवर्तन, इमिग्रेशन, यूरोपीय यूनियन के साथ संबंध जैसे मुद्दों पर दोनों के विचार मिलते-जुलते हैं। साल 2014 में क्रिमिनल जस्टिस के लिए बढ़िया काम करने पर स्टार्मर को बकिंघम पैलेस की तरफ से नाइटहुड का अवार्ड दिया गया था। इतिहासकार एड ओवेंस ने टाइम्स को बताया कि कई सोशल ईश्यूज पर किंग की लंबे समय से नजर रही है। स्टार्मर सरकार इन पर ध्यान देगी।
जानिए, जीत के बाद स्टार्मर क्या कहा…
मैं एक-एक ईंट जोड़कर देश को फिर से बनाऊंगा। मैं लोगों के लिए काम करने वाली सरकार में सभी का स्वागत करता हूं। चाहे आपने हमें वोट किया हो या नहीं मेरी सरकार सभी के लिए काम करेगी। अब ‘रीसेट’ का समय आ गया है। हालांकि हालातों को बदलने में समय लगेगा। मैं तब तक लड़ता रहूंगा जब तक आप सरकार में भरोसा नहीं कर लेते।हार के बाद सुनक ये बोले…
मैं हार के लिए पार्टी से माफी मांगता हूं। मुझे उम्मीद है कीर स्टार्मर के नेतृत्व में ब्रिटेन पहले से और ज्यादा मजबूत बनेगा। ब्रिटेन दुनिया का सबसे बेहतरीन देश है और ये देश के लोगों की वजह से है। दो पीढ़ी पहले मेरा परिवार ब्रिटेन आया था और मुझे प्रधानमंत्री बनने का मौका भी मिला। यह देश की महानता है। पत्नी अक्षता मूर्ति और अपनी दोनों बेटी का भी धन्यवाद देता हूं।
इसे भी पढ़ें
ब्रिटेन में चुनाव : वोटिंग खत्म होते ही शुरू होगी गिनती, अगले दिन आएंगे नतीजे
