बेगूसराय | बिहार पुलिस की कार्यशैली भी अनोखी है। उनकी नई कार्यशैली के बारे में आप जानेंगे तो हैरान रह जाएंगे। कानों पर विश्वास नहीं होगा, लेकिन हुआ कुछ ऐसा ही है। मामला बेगूसराय का है। यहां की नगर थाना पुलिस ने बंद बोरे में फेंके शव को बिना किसी जांच पड़ताल के पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। यहां चिकित्सक जब पोस्टमार्टम करने पहुंचे तो वे दंग रह गए। शव मनुष्य का न होकर एक कुत्ते का था। यह दृश्य देख मौके पर मौजूद पुलिस भी हैरान रह गई।
एनएच किनारे से बरामद किया था शव
सोमवार की रात गश्ती के दौरान नगर थाने पुलिस को किसी ने सूचना दी कि एनएच 31 के किनारे बोरे में किसी का शव है। पुलिस मौके पर पहुंची और बिना पड़ताल के ही उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। रात होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। मंगलवार की सुबह पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की गई। यहां बोरे को खोलते ही एक कुत्ते का शव निकला। पुलिस दंग रह गई। घटना के बाद से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं।
पढ़िए, क्या कहते हैं थाना प्रभारी
इस संबंध में नगर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने कहा कि कुत्ते के शव को दफना दिया गया है। मामले में लापरवाही हुई है। जांच कर रहे हैं। दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।
