- चेन्नई के पास थिरुपुरुर के अरुलमिगु कंदस्वामी मंदिर की घटना
- दो महीने पहले दान पेटी में रुपए डालने के दौरान गिरा था मोबाइल
- नियम के मुताबिक 20 दिसंबर को खोली गई दान पेटी
तमिलनाडु/एजेंसी | रील सीन कभी-कभी रीयल सीन बन जाता है। तमिल फिल्म ‘पालयथम्मन’ में जिस एक महिला की गोद से बच्चा दान पेटी में गिर जाता है उसी तरह दो माह पहले विनयागपुरम के रहने वाले दिनेशका आइ फोन भी चेन्नई के पास थिरुपुरुर के अरुलमिगु कंदस्वामी मंदिर की दान पेटी में गिर गया। उसने मंदिर प्रशासन को इसकी जानकारी दी। करीब दो माह बाद 20 दिसंबर को जब दान पेटी खोली गई तो वाकई आइ फोन मिला। मंदिर प्रशासन ने दिनेश को इसकी जानकारी दी। दिनेश मंदिर पहुंचे और आइ फोन मांगा। इस पर मंदिर प्रशासन ने कहा कि फोन अब भगवान है, वापस नहीं मिलेगा। दान पेटी में आई हर वस्तु देवता के खाते में जाती है। आप सिम कार्ड और डेटा ले सकते हैं। दिनेश फोन लौटाने की गुहार लगा रहे हैं।
मंत्री ने कहा- दान पात्र की चीजें भगवान के खाते में गई
जब यह मामला मानव संसाधन और सीई मंत्री पीके शेखर बाबू के संज्ञान में लाया गया तो उन्होंने कहा कि दान पात्र में जो कुछ भी जमा किया जाता है, भले ही वह मनमाना कार्य हो, भगवान के खाते में जाता है। उन्होंने कहा, ‘मंदिरों की प्रथाओं और परंपराओं के अनुसार, दानपात्र में चढ़ाया गया कोई भी चढ़ावा सीधे उस मंदिर के देवता के खाते में जाता है। उन्होंने कहा कि वह विभाग के अधिकारियों से चर्चा करेंगे कि क्या भक्त को मुआवजा देने की कोई संभावना है और उसके अनुसार ही कोई निर्णय लेंगे।
महिला की गोल्ड चेन दान पेटी में गिरी, मंदिर प्रशासन ने नई खरीद कर दी
मई 2023 में केरल के अलप्पुझा की रहने वाली एस संगीता पलानी के श्री धनदायुथपानी स्वामी मंदिर गई थी। संगीता गले में पहनी तुलसी की माला निकाल रही थी, तभी उसकी 1.75 सॉवरेन गोल्ड चेन गलती से दान पेटी में चली गई थी। उसने इसकी जानकारी मंदिर प्रशासन को दी थी। संगीता की आर्थिक स्थिति को देखते हुए और सीसीटीवी फुटेज से यह पुष्टि करने के बाद कि चेन दुर्घटनावश गिर गई थी, मंदिर के न्यासी बोर्ड के अध्यक्ष ने अपने निजी खर्च पर उसी कीमत की एक नई सोने की चेन खरीद कर उसे दे दी।

1 thought on “दिलचस्प वाकया : दान पेटी में गिरा i Phone, मंदिर ने कहा – अब ये भगवान का, सिम कार्ड-डेटा ले लो”
अजब-गजब।