बेगूसराय | केंद्रीय टेक्सटाइल मंत्री गिरिराज सिंह ने एक कार्यक्रम के दौरान रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय में कहा कि लालू के राज में कारोबारी बिहार छोड़कर दूसरे प्रदेश चले गए थे। अब बिहार में डबल इंजन (NDA) की सरकार है। कारोबारी लौट रहे हैं। प्रदेश प्रगति की ओर बढ़ रहा है। आज जो भी विकास दिख रहा है बिहार के अंदर, वह डबल इंजन की सरकार के कारण ही। सड़क, पुल, पुलिया, गंगा नदी पर पुल, रिफाइनरी, फर्टिलाइजर यह सब प्रधानमंत्री के कारण है। महादेव से मेरी यही प्रार्थना है कि बिहार में फिर से NDA की सरकार बने।
केंद्रीय मंत्री ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत का राजनीति में आने को सही बताया। कहा निशांत का राजनीति में आना कोई आश्चर्य वाली बात नहीं है। हर किसी को राजनीति में आने का और राजनीति करने का अधिकार प्राप्त है।
सोच-समझकर बोलें पप्पू यादव
बागेश्वर धाम के संत धीरेंद्र शास्त्री पर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की ओर से की गई टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें सोच समझकर बोलना चाहिए। धीरेंद्र शास्त्री सनातन के बड़े संत हैं। ऐसे व्यक्ति के लिए कुछ भी बोल देना उनकी मर्यादा के खिलाफ है। जनता ने पप्पू यादव को सांसद चुना है तो उन्हें इसका ध्यान रखना चाहिए िक जनता सनातन के साथ खिलवाड़ करने वाले को समय आने पर सबक सिखाती है। बता दें कि पप्पू यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को बंदर कहा था।
प्रधानमंत्री की भागलपुर सभा में बेगूसराय के मतदाता भी जाएंगे
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 24 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भागलपुर आ रहे हैं। यहां से वे कई योजनाओं की घोषणाएं करेंगे। इस घोषणा से बिहार में डबल इंजन वाली सरकार के साथ-साथ जनता को भी फायदा मिलेगा। बेगूसराय का सांसद होने के नाते मैं वहां जाऊंगा। मेरे संसदीय क्षेत्र के मतदाता भी वहां जाएंगे।
