- लखनऊ में मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के किसान पथ पर हुआ हादसा
बुधवार दोपहर बेगूसराय से चली थी बस, शार्ट-सर्किट से लगी आग
लखनऊ | बेगूसराय से दिल्ली जा रही स्लीपर बस (UP17 AT 6372) में गुरुवार सुबह करीब 5 बजे अचानक से आग लग गई। हादसे में पांच यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में मां-बेटी, भाई-बहन के अलावा बेगूसराय का एक यात्री भी बताया जा रहा है। हादसा लखनऊ में मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के किसान पथ पर हुआ। बस में सवार अन्य यात्रियों ने दरवाजा तथा खिड़कियों से कूदकर जान बचाई। बस का ड्राइवर-कंडक्टर मौके से भाग निकला। करीब आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज व पीजीआइ थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
80 यात्री थे सवार, शार्ट सर्किट से लगी आग : पीजीआइ थाना प्रभारी ने बताया कि बस की ऊपरी मंजिल पर सो रहे पांच लोगों की बस में आग लगने के कारण जलकर मौत हो गई। जिसमें दो महिला, 2 बच्चे और एक पुरुष हैं। सभी बिहार के रहने वाले हैं। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि गुरुवार को बेगूसराय से दिल्ली की तरफ जा रही एक स्लीपर बस में शार्ट-सर्किट से आग लग गई। ड्राइवर और कंडक्टर भाग गए। बस में सवार यात्रियों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। पूछने पर यात्री ने बताया कि बस में करीब 80 यात्री सवार थे। यात्रियों ने यह भी बताया कि ड्राइवर की सीट के पास एक एक्स्ट्रा सीट लगी थी, जिसके चलते लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो रही थी।
#लखनऊ के पीजीआई इलाके में किसान पथ पर आज सुबह एक प्राइवेट बस में आग लग गई। इस दुर्घटना में पांच यात्रियों की मौत हो गई। यात्रियों से भरी बस बेगूसराय, बिहार से आनंद विहार, दिल्ली जा रही थी।#upnews pic.twitter.com/lywIj8V71z
— AIR News Lucknow (@airnews_lucknow) May 15, 2025
गर्भवती पत्नी को बस से उतारा, लेकिन बच्चों को नहीं उतार पाया : बताया गया कि बस बुधवार दोपहर 12:30 बजे बेगूसराय से दिल्ली के लिए चली थी। रात 12 बजे गोरखपुर में सवारियों को बैठाया गया था। हादसे में पीड़ित बालक राम ने रोते हुए बताया कि वह सात माह की गर्भवती पत्नी और दो बच्चों के साथ सफर कर रहा था। हादसे के बाद गर्भवती पत्नी को बस से बाहर निकाला, लेकिन दोनों बच्चे अंदर ही फंस गए।
बस में रखे थे सात गैस सिलेंडर : शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला। इस वजह से पीछे बैठे लोग फंस गए। बस में पांच-पांच किलो के सात गैस सिलेंडर थे। हालांकि, कोई भी सिलेंडर फटा नहीं। अगर ये सिलेंडर फटते तो बड़ा हादसा हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी भीषण थी कि 1 किमी. दूर तक इसकी लपटें दिखाई दे रही थीं। बस कुछ दूर तक जलने के बाद भी दौड़ती रही।
मृतक बेगूसराय, समस्तीपुर और सीतामढ़ी के रहने वाले : मृतकों की पहचान सीतामढ़ी के गमबारा के देवराज (साढ़े तीन साल), उसकी 2 साल की बहन साक्षी और समस्तीपुर की 55 वर्षीय लक्खी देवी, उनकी 27 वर्षीय विवाहिता बेटी सोनी के रूप में हुई है। इसके अलावा एक मृतक की पहचान बेगूसराय निवासी मधुसूदन के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लिया है और मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना की व्यक्त की। सीएम ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
#UPCM @myogiadityanath ने जनपद लखनऊ में बस में आग लगने के हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को…
— CM Office, GoUP (@CMOfficeUP) May 15, 2025