- मटिहानी थाना क्षेत्र के जगतपुर बहियार की घटना
- रात 2 बजे फोन कर बुलाया और घटना को अंजाम दिया
बेगूसराय (मटिहानी) | बेगूसराय में अपराधियों ने घर से बुलाकर 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं हत्या के बाद अपराधी युवक के बाएं हाथ का पंजा भी काट कर चलते बने। मामला मटिहानी थाना क्षेत्र के जगतपुर बहियार की है। घटना शनिवार रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पूछताछ जारी है। डीएसपी सदर-टू भास्कर रंजन ने बताया कि युवक की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी उदय राय के पुत्र करण कुमार ( 22 ) के रूप में की गई है। करण के छाती और पेट में साइड से गोली मारी गई है। आरोपी और मृतक दोनों मुंबई में साथ ही काम करते थे। करण करीब डेढ़ माह पहले ही मुंबई से घर लौटा था।
करीब डेढ़ महीने पहले मुम्बई से आया था युवक
परिजनों का कहना है कि करीब डेढ़ महीने पहले ही करण मुंबई से घर आया था। शनिवार रात करण घर में बैठकर खाना खा रहा था। तभी तीन युवक आए और उसे बाहर बुलाया। जब तक हम बाहर आए तीन गाड़ी से आए बदमाशों ने उसे जबरदस्ती गाड़ी में बैठा लिया और ले गए। जब करण काफी देर तक नहीं लौटा तो उसकी तलाश शुरू की। कुछ समय बाद जानकारी मिली कि उसका शव जगतपुर बहियार में फेंका है। मौके पर पहुंचे तो देखा कि करण की गोली मारकर हत्या की गई थी और अपराधियों ने उसका बायां पंजा भी काट दिया था।
हत्या के पीछे का यह भी कारण
परिजनों का कहना है कि करण की हत्या रंगदारी को लेकर की गई है। कुछ असामाजिक तत्व करण से अवैध वसूली करना चाहते थे, लेकिन वह नहीं झुका। इसी कारण उसे मार डाला। किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। वहीं नाम न छापने की शर्त पर गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि मृतक और आरोपी दोनों ही शराब के अवैध कारोबार से जुड़े हैं। पैसे का लेनदेन को लेकर घटना की आशंका जताई जा रही है।
