बेगूसराय (खोदाबंदपुर)| विधानसभा चुनाव 2025 में इस बार जिले की सभी 7 सीटों पर NDA का कब्जा होगा। महागठबंधन शून्य पर आउट होगा। ये बातें जदयू के जिलाध्यक्ष रूदल राय ने सोमवार को खोदाबंदपुर के फफौत पंचायत में आयोजित बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं की बैठक में कही। रूदल राय ने कहा कि CM नीतीश कुमार ने महिला सशक्तीकरण, महिलाओं को आरक्षण, जीविका का गठन, समाज सुधार अभियान, न्याय के साथ विकास, मुस्लिम समुदाय का विकास, जाति आधारित गणना, अनुसूचित जाति जनजाति तथा अति पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए।
बिहार में महिलाओं को नगर व पंचायती निकायों में 50% आरक्षण मिला : जदयू जिलाध्यक्ष रूदल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को पंचायत एवं नगर निकायों में 50% आरक्षण देने के साथ ही सरकारी नौकरी में 35% आरक्षण दिया है। वर्तमान में इस क्षेत्र से महागठबंधन के नेता विधायक हैं, लेकिन विधायक ने पिछले 5 साल में एक बार भी विधानसभा में इस क्षेत्र की गरीब जनता की आवाज नहीं उठाई। सीएम नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान योजनाओं का उद्घाटन किया। क्षेत्र के विकास के लिए बेगूसराय-रोसड़ा सड़क SH 55 का चौड़ीकरण और चेरिया बरियारपुर में BMP-19 के निर्माण की घोषणा की।
वर्तमान विधायक को जनता से कोई लेना-देना नहीं : पूर्व विधायक कुमारी मंजू वर्मा ने कहा कि क्षेत्र के उत्तरोतर विकास के लिए एनडीए के प्रत्याशी को विधायक चुनना होगा। इस क्षेत्र से जब तक एनडीए के विधायक थे, विकास कार्यों की गंगा बह रही थी, लेकिन महागठबंधन के विधायक का जनता से कोई लेना-देना नहीं है। बैठक को पार्टी के जिला प्रभारी शिवनंदन सिंह, जिला प्रवक्ता अरुण कुमार महतो, मीडिया सेल जिलाध्यक्ष मोनू पटेल, विकाश कुशवाहा, संजय कुमार ने संबोधित किया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत अध्यक्ष विनोद कुमार महतो और संचालन प्रखंड अध्यक्ष मनीष कुमार ने किया।
