- गांधी स्टेडियम में 2 दिवसीय प्रखंडस्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का आयोजन
- कबड्डी, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ दिखाया दम
बेगूसराय | शहर मुख्यालय स्थित गांधी स्टेडियम में सोमवार से दो दिवसीय मशाल खेल प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता का उद्घाटन DEO मनोज कुमार तथा जिला खेल पदाधिकारी कृष्ण कुमार सहनी ने दीप प्रज्जवलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। DEO मनोज कुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिता प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन के लिए आयोजित की जाने वाली महत्वाकांक्षी खेल प्रतियोगिता है। प्रखंड स्तर पर चयनित खिलाड़ी जिला और राज्य स्तर पर प्रतिभा दिखाएंगे। प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर राज्य सरकार उन्हें प्रशिक्षण के साथ अन्य सुविधाएं मुहैया कराएगी।
तन-मन को स्वस्थ रखने का अवसर : जिला खेल पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने कहा कि खेल तन-मन को स्वस्थ रखने के साथ आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराता है। बेगूसराय के अन्य प्रखंडों में भी प्रखंड स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। पुरस्कार वितरित करते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुश्री दिप्ती सुमन कुमारी ने कहा कि आज जिन खेलों का आयोजन हुआ है उन खिलाड़ियों को मेडल सर्टिफिकेट और टीम को ट्रॉफी प्रदान किए गए हैं।
कौन-कौन सी खेल प्रतियोगिता हुई : कबड्डी अंडर 14 बालक और बालिका, वॉलीबॉल अंडर 16 बालक, एथलेटिक्स अंडर 14, अंडर 16 बालक और बालिका 60 मीटर, 100 मीटर, 600 मीटर, 800 मीटर, लॉन्ग जंप तथा क्रिकेट बॉल थ्रो
आज साइकलिंग, फुटबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता : प्रखंड के चयनित खिलाड़ी आगामी जिला स्तरीय मशाल खेल प्रतियोगिता में भाग लेंगे। बेगूसराय प्रखंड के 31 संकुलों से कुल एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। आज साइकलिंग, फुटबॉल और कबड्डी (बालक) की प्रतियोगिता आयोजित होगी। मंच संचालन शारीरिक शिक्षक रणधीर कुमार एवं प्रखंड संसाधन केंद्र के समन्वयक मुकेश कुमार ने किया।
टीम खेल में कौन सी टीम जीती : वॉलीबाल (बालक) अंडर 16 में बीपी उच्च विद्यालय संकुल की टीम विजेता, अयोध्या उच्च विद्यालय (ज्ञान भारती) संकुल की टीम उप विजेता रही। कबड्डी अंडर 14 (बालक) में रचियाही उच्च विद्यालय संकुल की टीम विजेता, महर्षि गौतम उच्च विद्यालय, खम्हार संकुल की टीम उप विजेता रही। कबड्डी अंडर 14 (बालिका) में रचियाही उच्च विद्यालय संकुल की टीम विजेता, सावित्री उच्च विद्यालय संकुल की टीम उप विजेता रही।
