- प्रतिभा खोज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को खेल मंत्री ने किया पुरस्कृत
बेगूसराय (भगवानपुर) | खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता ने कहा कि खेल के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी अपने करियर का निर्माण कर सकते हैं। केंद्र सरकार और बिहार सरकार लगातार छात्र और युवाओं के लिए अच्छा काम कर रही है। खेल मंत्री रविवार को भगवानपुर के सूर्यपुरा में सरस्वती कोचिंग सेंटर में प्रतिभा खोज सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में चयनित मेधावी बच्चों को सम्मानित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की प्रतिभा निखरती है। मंत्री ने कहा कि सरकार का नारा ही है मेडल लाओ और नौकरी पाओ। बिहार में लगातार अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। बिहार के युवा भी खेल के क्षेत्र में काफी आगे बढ़ रहे हैं।

प्रतियोगिता में 1050 बच्चों ने भाग लिया
आयोजनकर्ता गौरव कुमार पाठक ने बताया कि प्रतियोगिता में लगभग 1050 बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में तीन ग्रुप बनाए गए थे। वर्ग 6 से 8 तक के बच्चों के लिए ग्रुप A। वर्ग 9 और 10 के बच्चों के लिए ग्रुप B और 11वीं और 12वीं वर्ग के बच्चों के लिए ग्रुप C बनाया गया था। प्रतियोगिता में वीरपुर और भगवानपुर प्रखंड के दो दर्जन से अधिक गांव के बच्चों ने भाग लिया। तीनों ग्रुप से मेधा सूची के आधार पर चयनित बच्चों को पुरस्कृत किया गया।
प्रतिस्पर्धा के दौर में खूब मेहनत करें
सम्मान समारोह काे संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षक संत सहनी ने कहा कि आप प्रतिस्पर्धा के इस दौर में खूब मेहनत करें और आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से अपने लक्ष्य को प्राप्त करें। समाराेह को प्रो. गौतम कुमार, जिला पार्षद शिल्पी चौरसिया, रामप्रवेश सिंह, रौशन चौरसिया, अविनाश कुमार आदि ने संबोधित किया।









