बेगूसराय | भाकपा जिनेदपुर पंचायत शाखा का आठवां सम्मेलन कामरेड कमली महतो स्मारक भवन रजौड़ा में आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता कामरेड रूपक कुमार ने की। मौके पर अंचल प्रभारी सह राज्य परिषद सदस्य अनिल कुमार अंजान ने कहा कि जिले में बछवाड़ा से लेकर साहेबपुर कमाल तक करीब आधा दर्जन से अधिक प्रखंड बाढ़ की चपेट में है। नगर निगम के भी करीब 10 वार्ड प्रभावित हैं। सांसद गिरिराज सिंह आपदा के समय भी शाम्हो जैसे इलाके में जहां एक घर भी मुसलमान नहीं है राहत कार्य चलाने की जगह लोगों को हिंदू बनने की नसीहत देते फिर रहे हैं। एक ओर इंसान जहां जंगली जानवरों एवं विषैले सांपों के बीच रहने को मजबूर हैं वहां भी हिंदू-मुसलमान के नाम पर राजनीति करना गिरिराज सिंह की घटिया सोच को दर्शाता है।
डीएम कह रहे-अभी बाढ़ आई कहां?
अनिल अंजान ने कहा कि बाढ़ के कारण अभी तक करीब 10 लोगों की मौत गंगा नदी में डूबने से हो चुकी है। राहत के नाम पर नाव तक की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। पिछले साल ही जो लोग नाव चलाते थे उनको आज तक पैसा नहीं मिला है। शासन-प्रशासन अपनी साख गवां चुका है। बाढ़ के संभावित खतरे से निपटने के नाम पर बैठक दर बैठक करने वाली हुकूमत आज कहीं दिखाई नहीं दे रही। ऊपर से जिलाधिकारी तुषार सिंगला बाढ़ पीड़ितों के बीच जाकर जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कहते हैं कि अभी बाढ़ आई कहां है? इस तरह जले पर नमक छिड़का जा रहा है।
चुनाव आयोग पर वोटों की चोरी करने का इल्जाम
अंचल मंत्री कामरेड चंद्र मोहन शाह अकेला ने गहन मतदाता सूची के नाम पर वोटों की चोरी करने का इल्जाम चुनाव आयोग एवं एनडीए सरकार पर लगाया। पर्यवेक्षक पंचायत समिति सदस्य कामरेड सुनील कुमार एवं कामरेड विवेकानंद राय ने कहा कि सरकार वोट बंदी को वापस ले। बाढ़ पीड़ितों को अविलंब राहत सामग्री मिलनी चाहिए। वहीं सम्मेलन के शुरुआत में ही कामरेड नीरज सिंह के द्वारा पार्टी के दिवंगत नेता, बाढ़ पीड़ित एवं शहादत देने वाले सैनिकों के सम्मान में लाए गए शोक प्रस्ताव पर 2 मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई।
संबंधित खबर पढ़ें