- लखीसराय के पंकज भारती ने गाया जागरूकता गाना
- राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने जारी किया जागरूकता गाना
पटना/लखीसराय | राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग इन दिनों राजस्व महा अभियान को लेकर काफी सक्रिय है। लोगों के बीच संदेश पहुंचाया जा रहा है कि नामांतरण, परिमार्जन, म्यूटेशन आदि कार्य आसानी से हो सकते हैं। विभाग ने इसे लेकर प्रक्रिया भी काफी सरल कर दी है। विभाग इस महा अभियान को लेकर क्या-क्या कर रहा है इसे लेकर लखीसराय निवासी पंकज भारती (41 वर्ष) ने जागरूकता गाना गया है। गाना 3 मिनट 34 सेकेंड का है। गाने के बोले हैं :- ‘‘अब जमीन के कागज पर सुधार हुआ आसान, घर-घर आपके आ पहुंचा राजस्व महा अभियान।’’ गाने के बाेल भी पंकज भारती ने खुद लिखे हैं। गाना काफी कर्णप्रिय है।
जानिए, कैसे तैयार हुआ गाना
पंकज बताते हैं कि लखीसराय के ADM सुधांशु शेखर ने उनसे संपर्क किया। उन्हें दफ्तर बुलाया गया। यहां उन्हें बताया गया कि राजस्व महा अभियान को लेकर एक गाना तैयार करना है। नोट्स देकर समझाया गया कि विभाग इसे लेकर क्या-क्या कर रहा है। पंकज ने उसे पढ़कर गाने के बोल तैयार किए। कुछ त्रुटियां थीं जिसे एडीएम ने सही करवाया। उसके बाद पंकज ने गाने का धुन भी खुद ही तैयार किया और जब गीत को अपनी आवाज दी तो सभी तारीफ करने लगे। एडीएम ने इस जागरूकता गाने को विभाग भेज दिया। अब विभाग ने इसे अपने फेसबुक पेज और एक्स हैंडल पर शेयर किया है। अब प्रदेश में लगने वाले शिविरों में इस गाने को बजाया जाएगा।
संगीत की दुनिया में पिता हैं पंकज के गुरु
पंकज बताते हैं कि परिवार की स्थिति बेहतर नहीं है। पिता नवल भारती (65 वर्ष) करीब 40 साल से संगीत की दुनिया में रमे हुए हैं। संगीत की दुनिया में पिता ही उसके गुरु हैं। कहीं से कोई प्रशिक्षण नहीं लिया है। संगीत से विशारद (बीए) हैं।
S.I.R. को लेकर भी गाना गा चुके हैं पंकज
पंकज भारती इससे पहले भारत निर्वाचन आयोग की ओर चलाए जा रहे S.I.R. काे लेकर भी जागरूकता गाना गा चुके हैं। 3 मिनट 12 सेकेंड वाले इस गाने के बोल हैं :- ‘‘भारत निर्वाचन आयोग ने चलाया ये अभियान, योग्य मतदान छूटे न दर्ज करो सभी नाम।’’ स्थानीय स्तर पर जिला प्रशासन ने इस गाने को भी प्रसारित किया था। इससे भी लोगों के बीच जागरूकता आई।
संगीत से बढ़े जन जागरूकता, यही है हमारी प्राथमिकता।
लखीसराय के लोक गायक पंकज भारती की आवाज में सुने राजस्व महा–अभियान की आवश्यकता बताते गीत को।@NitishKumar @sanjay_saraogi @IPRDBihar #amin #mahaabhiyan #village #AtYourDoorstep#biharbhumi#BiharRevenueLandReformsDept pic.twitter.com/WaQvtItSti— Revenue and Land Reforms Department (@BiharRevenue) August 16, 2025
16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलेगा महा अभियान
विभागीय मंत्री संजय सरावगी ने बताया है कि पहली बार राज्य में जमीन के अभिलेखों में सुधार व अपडेट करने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर राजस्व महा–अभियान 16 अगस्त से शुरू हो रहा है। इसका उद्देश्य राज्य के रैयतों को सुलभ, पारदर्शी और उत्तरदायी राजस्व प्रशासन प्रदान करना है।
शिविर में Laptop के साथ 10 अमीन होंगे तैनात
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने बताया है कि प्रत्येक शिविर में 10 टेबल, 10 विशेष सर्वेक्षण अमीन लैपटॉप और इंटरनेट डोंगल के साथ मौजूद रहेंगे। ये अमीन मौके पर ही प्राप्त आवेदनों का संक्षिप्त डेटा जैसे नाम, पिता का नाम, मोबाइल नम्बर और आवेदन की विषयवस्तु दर्ज करेंगे।
संबंधित खबर
राजस्व महा-अभियान शिविर में Laptop के साथ 10 अमीन होंगे तैनात