बेगूसराय | मटिहानी विधानसभा क्षेत्र से टिकट को लेकर घमासान छिड़ा हुआ है। लोजपा को ठेंगा दिखाकर जदयू का दामन थामने वाले मटिहानी के विधायक राजकुमार सिंह सौ फीसदी आश्वस्त हैं कि सेटिंग गेटिंग फार्मूला के तहत उनको टिकट मिलना पक्का है। जदयू अलाकमान के निर्देश पर वे क्षेत्र में व्यापक तैयारी भी कर रहे हैं, लेकिन लोजपा (रा.) इसे मानने को तैयार नहीं है। उनका मानना है कि विधायक तो पार्टी का फसल है। पार्टी का जनाधार है तो फिर विधायक पैदा कर लेंगे। इसी सोच के तहत लोजपा ने मटिहानी विधानसभा क्षेत्र से बूथ स्तर तक तैयारी कर रखी है। इसी तैयारी के क्रम में रविवार को बेगूसराय शहर के निराला नगर में लोजपा (रा.) की नेत्री व मटिहानी से टिकट की प्रबल दावेदार इंद्रा देवी ने पारिवारिक निकटवर्ती व पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई। बैठक कई सत्रों में चला। कार्यक्रम का संचालन बालमुकुंद सिंह स्वयं कर रहे थे।
