नालंदा | नालंदा के हरनौत में रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हरनौत बाजार के गोनावा रोड स्थित आरपीएस कॉलेज के समीप रेल कारखाना तक बनाए जा रहे रेलवे ओवरब्रिज का एक हिस्सा ढलाई के दौरान भरभराकर गिर गया। हादसे में छह से अधिक मजदूर घायल हो गए। जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घायल मजदूरों का इलाज चल रहा है। घटना के बाद लोग आरओबी की गुणवत्ता पर सवाल उठा रहे हैं। साइट इंचार्ज अभिषेक ने बताया कि जैक स्लिप करने की वजह से हादसा हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार दोपहर बाद लगभग 5 बजे ब्रिज की ढलाई का कार्य चल रहा था जब अचानक नीचे का सपोर्टिंग स्ट्रक्चर टूट गया और पूरा हिस्सा गिर पड़ा। आरपीएस कॉलेज के सामने निर्माणाधीन आरओबी की ऊपरी सतह का कंक्रीट ढलाई कार्य चल रहा था। अचानक नीचे का सपोर्ट सिस्टम और सेटिंग पाइप धंसने लगे। मजदूर कुछ समझ पाते इससे पहले ही पूरा आरओबी धड़ाम की आवाज के साथ नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने बिना देरी किए मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला और पुलिस की सहायता से उन्हें कल्याण बिगहा रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोप- मानकों के अनुसार नहीं हो रहा था निर्माण
स्थानीय निवासियों ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पुल का निर्माण शुरू से ही मानकों के अनुसार नहीं हो रहा था। जमीन के अंदर पाया (पिलर) का निर्माण भी कई जगहों पर गलत तरीके से किया गया है। थाना प्रभारी अमरदीप कुमार ने कहा कि ढलाई कार्य के दौरान पुल गिरने से छह मजदूर घायल हुए हैं। घटना की जांच की जा रही है।

66 करोड़ रुपये की लागत निर्माण कार्य
रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण 66 करोड़ रुपये की लागत से की जा रही है। जिसकी लंबाई 1332 मी. है। आरओबी का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य टेंडर बाबा हंस कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड पटना के द्वारा कराया जा रहा है।











