बेगूसराय | बिहार विधानसभा चुनाव की अधिसूचना सोमवार शाम को जारी हुई। इससे पहले AAP के बिहार प्रभारी अजेश यादव और प्रदेश अध्यक्ष राकेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस कर 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। पार्टी की ओर से जारी सूची के मुताबिक बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र से डॉ. मीरा सिंह उम्मीदवार होंगी। उम्मीदवारों की सूची जारी करने के साथ ही पार्टी ने बिहार में अपने चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज कर दिया।
उम्मीदवार बनाई गई डॉ. मीरा सिंह ने कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और बेगूसराय को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाने के उद्देश्य से चुनाव मैदान में उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की जनता भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था से त्रस्त है। आम आदमी पार्टी के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल को लागू कर मैं यहां विकास की नई दिशा देना चाहती हूं।
बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप : प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी इस बार सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। नेताओं ने कहा कि पार्टी बिहार में ‘दिल्ली मॉडल’ और ‘पंजाब मॉडल’ को लेकर जनता के बीच जाएगी। अरविंद केजरीवाल द्वारा तैयार इस मॉडल में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन प्रमुख मुद्दे होंगे। उन्होंने कहा कि पलायन, बेरोजगारी और महंगाई मुख्य चुनावी मुद्दे रहेंगे।
संबंधित खबर