- बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 7 उम्मीदवारों ने पर्चे भरे
- सबसे कम 2 नामांकन पर्चे दाखिल हुए बखरी विधानसभा क्षेत्र में
- बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में महागठबंधन से कांग्रेस और सीपीआइ के उम्मीदवार दोनों ने उम्मीदवारी दी
बेगूसराय | बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए पहले चरण का नामांकन 17 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। इससे पहले गुरुवार 16 अक्टूबर को बेगूसराय जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र में कुल 31 नामांकन हुए। सबसे अिधक बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र में 7 उम्मीदवारों ने तो सबसे कम बखरी विधानसभा क्षेत्र में 2 प्रत्याशियों ने नामांकन के पर्चे दाखिल किए। 17 अक्टूबर को नामांकन कराने की अंतिम तारीख है। नामांकन सुबह 11:00 बजे से लेकर दोपहर बाद 3:00 बजे तक होगा।
जानिए, किसने कहां से पर्चे भरे
बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र : गुरुवार को इस विधानसभा क्षेत्र के लिए कांग्रेस की पूर्व विधायक अमिता भूषण, जन सुराज से सुरेंद्र कुमार सहनी, आम आदमी पार्टी से डॉक्टर मीरा सिंह, समता पार्टी से सुशील कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मो. सद्दाम हुसैन, पिंकी सिन्हा और विजय कुमार ने नामांकन किया।
मटिहानी विधानसभा क्षेत्र : 16 अक्टूबर को मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, पूर्व विधायक बोगो सिंह, समता पार्टी से देवानंद राउत और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विजय प्रकाश ऊर्फ पप्पू कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र : यहां के लिए गुरुवार को JDU से पूर्व मंत्री मंजू वर्मा के बेटे अभिषेक आनंद उर्फ न्यूटन, जन सुराज पार्टी से डॉ. मृत्युंजय कुमार और निर्दलीय प्रत्याशी विजय तांती ने नामांकन किया।
तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र : यहां से भाजपा प्रत्याशी के रूप में रजनीश कुमार, सीपीआइ से तेघड़ा विधायक रामरतन सिंह, जनशक्ति पार्टी से चंद्र प्रकाश, जन सुराज पार्टी से राम नंदन सिंह और बसपा पार्टी से मो. शकील ने नामांकन किया।
साहेबपुर कमाल विधानसभा क्षेत्र : यहां से लोजपा के उम्मीदवार इंजीनियर सुरेन्द्र विवेक, जन सुराज से मो. अब्दुल्लाह, बहुजन समाज पार्टी से अनन्त कुमार पोद्दार, समता पार्टी से मो. मेराज और निर्दलीय के रूप में विवेकानन्द प्रसाद और मो. आफताब आलम ने पर्चे दाखिल किए।
बछवाड़ा विधानसभा क्षेत्र : इस विधानसभा क्षेत्र से खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता, सीपीआइ के पूर्व विधायक अबधेश कुमार राय, यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास, निर्दलीय प्रत्याशी राजा राम सिंह ने नामांकन किया।
बखरी विधानसभा क्षेत्र : इस सुरक्षित विधानसभा सीट से सीपीआइ के विधायक सूर्यकांत पासवान और निर्दलीय प्रत्याशी संजीव कुमार ने भी अपना नामांकन दाखिल किया।