- विजय सिन्हा, सम्राट चौधरी ने ली डिप्टी सीएम पद की शपथ
- 27 मंत्रियों में एक मुस्लिम और 3 महिलाएं
- पहली बार चुने गए 3 विधायक भी मंत्री बने
पटना | गांधी मैदान में नीतीश कुमार ने 20 नवंबर को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। उनके बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने मंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा दूसरी बार डिप्टी सीएम बनाए गए। शपथ ग्रहण समारोह पटना के गांधी मैदान में हुआ। नई सरकार में अभी कुल 27 मंत्री बनाए गए हैं। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। एक मुस्लिम विधायक को भी मंत्री बनाया गया है।

समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत एनडीए शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शामिल हुए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, राजस्थान के भजनलाल शर्मा, गुजरात के भूपेंद्र पटेल कई बड़े नेता मंच पर मौजूद रहे। बताते चलें कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में NDA ने प्रचंड बहुमत हासिल की है। एनडीए को 202 सीटें मिलीं जबकि विपक्षी महागठबंधन ने 35 सीटों पर जीत हासिल की है।
पीएम मोदी ने पांच बार झुक कर प्रणाम किया और गमछा लहराया
शपथ ग्रहण के बाद पीएम मोदी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ पकड़ मंच पर आगे आए। इसके बाद पीएम मोदी ने पांच बार झुककर जनता को प्रणाम किया। इसके बाद जनता की ओर अपना गमछा लहराया। इस पर गांधी मैदान में मौजूद लोगों ने भी अपना अपना गमछा लहराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
#WATCH पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधी मैदान में लोगों का अभिवादन किया और अपना खास गमछा लहराकर बिहार के लोगों का शुक्रिया अदा किया।
बिहार में NDA विधानसभा चुनाव में 243 में से 202 सीटें जीतकर सत्ता में वापस आ गई।
(सोर्स: DD न्यूज़) pic.twitter.com/XEdawOawnk
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 20, 2025
नीतीश कुमार कुशल और अनुभवी प्रशासक : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक कुशल और अनुभवी प्रशासक हैं। राज्य में सुशासन का उनका शानदार ट्रैक रिकॉर्ड रहा है।
बेगूसराय जिले से दो विधायक मंत्री बने
नीतीश के नए मंत्रिमंडल में बेगूसराय जिले से दो विधायक को जगह मिली है। बछवाड़ा से चुनाव जीते भाजपा के विधायक सुरेन्द्र मेहता को फिर से मंत्री बनाया गया है। वे इससे पहले खेल मंत्री थे। वहीं बखरी विधानसभा क्षेत्र से पहली बार चुनाव जीतने वाले लोजपा के विधायक संजय पासवान को भी मंत्री बनाया गया है। नए मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा देर शाम हो जाएगा।

एक मंत्री ऐसा भी… न विधायक न विधान पार्षद
उपेंद्र कुशवाहा के बेटे दीपक प्रकाश ने भी मंत्री पद की शपथ ली। दीपक कुशवाहा विधायक नहीं है। उन्हें MLC बनाकर विधानमंडल में भेजा जाएगा। उपेंद्र कुशवाहा की पत्नी स्नेहलता कुशवाहा सासाराम से चुनाव जीती हैं, लेकिन उपेंद्र कुशवाहा ने उनकी जगह बेटे को मंत्री बनाने का फैसला किया है।
नीतीश कुमार ने कब-कब शपथ ली।
नीतीश कुमार ने पहली बार नवंबर 2005 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 2010, 2015 (दो बार), 2017, 2020, 2022 (दो बार) और 2024 में शपथ ली थी।










