- प्रतियोगिता के तीसरे दिन गांधी स्टेडियम में 5 खेले गए
- 5 मैच में से तीन मैच ड्राॅ रहे

बेगूसराय | स्थानीय गांधी स्टेडियम में इन दिनों राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल फुटबॉल अंडर-17 प्रतियोगिता चल रही है। प्रतियोगिता के तीसरे दिन कुल पांच मैच खेले गए। इनमें से तीन मैच ड्रॉ रहे जबकि दो मुकाबले परिणामजनक रहे। एक मैच में जहां दरभंगा ने मुंगेर को 2 गोल से तो दूसरे मैच में तिरहुत ने पटना को 2 गोल से पटकनी दी। तीसरे दिन प्रतियोगिता का आगाज शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
मैदान में खिलाड़ियों की कोई जाति-धर्म नहीं : बिट्टू सिंह
प्रतियोगिता शुरू होने से पहले खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह ने कहा कि मैदान में खिलाड़ियों की कोई धर्म-जाति नहीं होती। खेल विभाग खिलाड़ियों के उत्थान के लिए बेहतर कार्य कर रहा है। भारी संख्या में खिलाड़ी भी मैदान में आ रहे हैं। खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी प्रदेश के लिए अच्छा संकेत है।

सकारात्मक माहौल ऊंचाइयां प्रदान करता है : श्याम सहनी
जिला कला संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने कहा कि सकारात्मक माहौल खिलाड़ियों को ऊंचाइयां प्रदान करता है। सरकार और खेल संगठन युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने में लगातार प्रयासरत हैं। जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आर्थिक मदद कर रही है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी पदाधिकारी शशि कुमार सुमन सहित शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, चिरंजीव ठाकुर, राजेश कुमार रौशन आदि का विशेष योगदान रहा।











