मंझौल (बेगूसराय) | चेरिया बरियारपुर के नव निर्वाचित विधायक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को पबरा स्थित SRG इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां प्लांट के संचालक ई. अभिराम झा, आरसीएस कॉलेज छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष अमृतांशु कुमार, पूर्व कोषाध्यक्ष आदर्श भारती ने विधायक को चादर और माला से सम्मानित किया। संचालकों ने बताया कि यह प्लांट मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना द्वारा चयनित इकाई है। इसे वर्ष 2024 में स्थापित किया गया था। यहां सत्तू, आटा, बेसन, भुंजा, मुरही सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों का उत्पादन किया जा रहा है। प्रोडक्ट लांचिंग की तैयारी की जा रही है। प्रोपराइटर सह युवा उद्यमी घनश्याम देव ने विधायक को बताया कि हमारी फर्म क्षेत्र के युवाओं को स्वरोजगार के लिए बढ़ावा दे रही है।
हरसंभव प्रोत्साहन मिलता रहेगा : विधायक
विधायक अभिषेक आनंद ने फर्म का निरीक्षण करने के बाद प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि इस इकाई को विभागीय स्तर से जो भी सहायता चाहिए होगी, उसके लिए मैं आपको प्रोत्साहित करता रहूंगा। उन्होंने बताया कि इस विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विशेष मुहिम चलाएंगे। ताकि क्षेत्र में बिहार सरकार के उद्योग नीतियों से लाभान्वित इकाइयों की अधिक से अधिक स्थापना हो सके।
चुनाव जीतने के बाद जनसंपर्क में जुटे हैं विधायक
विधानसभा चुनाव जीतने के बाद विधायक अभिषेक आनंद चेरिया बरियारपुर प्रखंड के मेहदा शाहपुर, पबरा और नावकोठी प्रखंड के महेशवाड़ा, पहसारा में जनसंपर्क कर रहे हैं। मौके पर पूर्व मुखिया रमाकांत झा, अभय सिंह, हरिहर सिंह, जदयू नेता रामजतन महतो, भाजपा नेता संजीव झा, मंडल महामंत्री चंदन झा, दीपक झा अमीन सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।










