बेगूसराय | अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में बेगूसराय शतरंज अकादमी की ओर से सोमवार को बेगूसराय में Bihar State Under-17 Chess Championship की शुरुआत हुई। टूर्नामेंट के पहले दिन बालक और बालिका वर्ग में पटना के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। यह टूर्नामेंट बेगूसराय के राजौड़ा स्थित यमुना इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में खेला जा रहा है। चार दिनों तक चलनेवाली इस प्रतियोगिता के बालक वर्ग में 46 और बालिका वर्ग में 26 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन बालक वर्ग के दो और बालिका वर्ग के एक राउंड खेले गए।
प्रतियोगिता के प्रथम दिन शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ. रामाश्रय सिंह ने बेगूसराय के युवा खिलाड़ी चिराग मनोहर के साथ बाजी खेलकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में दिलीप कुमार सिन्हा, अखिल बिहार शतरंज संघ के संयुक्त सचिव नंदकिशोर एवं शिवप्रिय भारद्वाज, बेगूसराय शतरंज अकादमी के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, रविन्द्र मनोहर आदि उपस्थित थे। मंच संचालन एवं स्वागत आयोजन सचिव संजीव कुमार ने जबकि धन्यवाद ज्ञापन अलख कुमार सिन्हा ने किया।

बालक वर्ग : दूसरे राउंड में किसने किसको हराया
काले मोहरे से खेलते हुए AGM तेजस शांडिल्य ने खगड़िया के मानस को हराकर तीसरे राउंड में प्रवेश किया। दूसरे राउंड में सफेद मोहरे से खेलते हुए पटना के अचिंत्य कश्यप ने पटना के ही अयूम कश्यप को, पटना के अव्यय शर्मा ने पटना के प्रीतम सेवलम को, पटना के अभिमन्यु कुमार ने बेगूसराय के अभिषेक अग्रवाल को, पटना के मानस ने सहरसा के अनंत शौर्य झा को, मुजफ्फरपुर के प्रणित सिन्हा ने बेगूसराय के चिराग मनोहर को, बेगूसराय के विष्णु वैभव ने पटना के हर्ष भारती, पटना के कार्तिकेय नंदन ने मोतिहारी के विक्रांत कुमार, पटना के पार्थव ने बेगूसराय के यश मनोहर और बेगूसराय के आर्यन सिन्हा ने पटना के दर्श कल्याण को पराजित कर तीसरे राउंड में प्रवेश किया।

बालिका वर्ग : पहले राउंड में किसने किसको हराया
बेगूसराय की आर्या सिन्हा को काले माेहरे से ऐश्वर्या शुक्ला के खिलाफ खेलना था, लेकिन आर्या सिन्हा को वॉकओवर मिल गया। वहीं सफेद मोहरे से खेलते हुए पटना की शालिनी श्रीवास्तव ने बेगूसराय की आर्या करण को, मुजफ्फरपुर की नव्या गाेयनका ने अवनी शर्मा को, बेगूसराय की इशिका ने बेगूसराय की भाव्या गार्गी को, पटना की प्रतीक्षा राज ने बेगूसराय की चित्रांशी प्रियदर्शिनी को, मुजफ्फरपुर की दिशा कुमारी ने पटना की आरोही सागर को, किशनगंज की दृष्टि दिव्या प्रमाणिक ने सहरसा की जिया सिंह को, दरभंगा की मनीषा यादव ने खगड़िया की कुमारी आयुषी प्रिया को, दरभंगा की आकांक्षा शर्मा ने बेगूसराय की सिमरन सिन्हा को, मुंगेर की आराध्या प्रकाश ने लखीसराय की वैष्णवी को और पटना की वंशिका माहेश्वरी ने मुजफ्फरपुर की अग्रिमा राज को हराया। वहीं पटना की राजश्री और कटिहार की मून को वॉकओवर मिला।

संबंधित खबर
बेगूसराय में 8 दिसंबर से BIHAR STATE U-17 CHESS CHAMPIONSHIP










