बेगूसराय | अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में बेगूसराय शतरंज अकादमी की ओर से बुधवार को बेगूसराय में Bihar State Under-17 Chess Championship का मैच खेला गया। दोनों वर्गों (बालक और बालिका) में दो-दो राउंड के मैच खेले गए। छठे राउंड की समाप्ति के बाद बालक वर्ग में प्रत्युष कुमार 5 अंकों के साथ टॉप पर हैं। जबकि तेजस शांडिल्य और अव्यय शर्मा भी 5 अंकों के साथ क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।
इसी तरह पांचवें राउंड की समाप्ति के बाद बालिका वर्ग में नव्या गोयनका 5 अंकों के साथ टॉप पर है। जबकि आर्या सिन्हा 4.5 अंकों के साथ दूसरे और दृष्टि दीया प्रामाणिक 4 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। बता दें कि चार दिनों तक चलनेवाली इस प्रतियोगिता का फाइनल राउंड गुरुवार को खेला जाएगा। गुरुवार को दोनों वर्गों में एक-एक राउंड मुकाबले होंगे।
सदर डीएसपी-1 आनंद कुमार पांडये ने टूर्नामेंट के तीसरे दिन का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि खेलने से हमारा शरीर ही नहीं दिमाग भी दुरुस्त रहता है। शारीरिक विकास में खेल का महत्वपूर्ण योगदान है। सरकार भी खेल को बढ़ावा दे रही है। टूर्नामेंट के दौरान बेगूसराय शतरंज अकादमी के आयोजन सचिव संजीव कुमार, चीफ आर्बिटर नंदकिशोर आदि मौजूद थे।
बालक वर्ग : छठे राउंड में किसने किसको हराया
तेजस शांडिल्य ने प्रत्युष कुमार को, अव्यय शर्मा ने अचिंत्य कश्यप को, कार्तिकेय नंदन ने विष्णु वैभव को हराकर जबकि मनीष यादव और मानस ने ड्रॉ, प्रणित सिन्हा और अयूम कश्यप ने ड्रॉ और मानव कुमार-पार्थव ने ड्रॉ खेलकर फाइनल (सातवें राउंड) में प्रवेश किया।

बालक : फाइनल में किसके बीच होगा मुकाबला
गुरुवार को खेले जाने वाले आखिरी सातवें राउंड में प्रत्युष कुमार का मुकाबला कार्तिकेय नंदन से, तेजस शांडिल्य का मुकाबला अव्यय शर्मा से, मनीष यादव का मुकाबला अयूम कश्यप से, अचिंत्य कश्यप का मुकाबला मानव से, मानस का मुकाबला प्रणित सिन्हा से, पार्थव का मुकाबला अभिमन्यु कुमार से होगा।
बालिका वर्ग : पांचवें राउंड में किसने किसको हराया
नव्या गोयनका ने इशिका को, आर्या सिन्हा ने शालिनी श्रीवास्तव को, दृष्टि दीया प्रामाणिक ने राज श्री को, मनीषा यादव ने वंशिका माहेश्वरी को, मून ने आकांक्षा शर्मा को, आराध्या प्रकाश ने प्रतीक्षा राज को, आरोही सागर ने सिमरन सिन्हा को हराकर फाइनल राउंड में प्रवेश किया।

बालिका : फाइनल में किससे होगी भिड़ंत
बालिका वर्ग का फाइनल मैच (छठा राउंड) गुरुवार को खेला जाएगा। इसमें नव्या गोयनका का मुकाबला आर्या सिन्हा से, दृष्टि दीया प्रामाणिक का मुकाबला मून से, इशिका का मुकाबला मनीषा यादव से, शालिनी श्रीवास्तव का मुकाबला जिया सिंह से, आराध्या प्रकाश का मुकाबला सिमरन सिन्हा से, दिशा कुमारी का वंशिका माहेश्वरी से और राज श्री का मुकाबला आरोही सागर से होगा।
संबंधित खबर









