- भ्रष्ट डीसीओ को मुअत्तल करने की मांग
- धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य दोगुना करे प्रशासन
बेगूसराय | पहसारा पूर्वी पैक्स गोदाम पर शुक्रवार को बखरी अनुमंडल के पैक्स अध्यक्षों की बैठक हुई। बैठक को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा बिहार के संयोजक अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि किसानों के बदले पदाधिकारियों और मिलरों को धान अधिप्राप्ति से लाभ पहुंचाने की नियत के चलते सरकार की ओर से धान अधिप्राप्ति (खरीद-बिक्री) की घोषणा से पहले न तो मिलरों को एफार्के की आपूर्ति हुई और न ही जिलों के बीच लक्ष्यों का बंटवारा हुआ। जबकि पिछले दो माह से पटना में मुख्य सचिव, खाद्य सचिव, सहकारिता सचिव एवं बिहार सरकार के खाद्य आपूर्ति मंत्री को इस संबंध में बार-बार आवेदन दिया जा रहा।
मनमाने तरीके से लक्ष्यों का बंटवारा
अशोक प्रसाद सिंह ने कहा कि 1 नवंबर से धान अधिप्राप्ति की घोषणा के बावजूद 16 दिसंबर को सभी िजलों के लिए मनमाने तरीके से लक्ष्यों का बंटवारा हुआ, लेकिन एफार्के की अभी तक सभी मिलों को आपूर्ति नहीं हुई है। बेगूसराय में आज तक राज्य से प्राप्त लक्ष्यों का पैक्सों के बीच बंटवारा नहीं होने के चलते धान अधिप्राप्ति टांय-टांय फिस्स है। इससे दलालों को पौ-बारह है। बेगूसराय में बखरी और मंझौल अनुमंडल के किसान धान बेचने को दर-दर भटक रहे हैं, जबकि गंगा के बाढ़ में डूबे पंचायतों से डीसीओ के मेल पर धान की खरीद नमो भारत ट्रेन की रफ्तार से हो रही है। गत साल से दोगुना ज्यादा धान उत्पादन के बावजूद जिले का लक्ष्य गत साल के मुकाबले आधा कर दिया गया।
बेगूसराय डीसीओ पर लगाए गंभीर आरोप
बेगूसराय डीसीओ नशापान कर पैक्स अध्यक्षों को अपमानित करते हैं और दिन-रात पैसा की उगाही में लगे रहते हैं। गत साल जनवरी माह में दिशा की बैठक हुई थी। इसमें जनप्रतिनिधियों ने डीसीओ की करतूतों को बताया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई?
अधिक से अधिक संख्या में जुटें किसान
अशोक प्रसाद सिंह ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों से धरनार्थियों को संबोधित करने की अपील की तथा बेगूसराय जिला में धान अधिप्राप्ति के लिए सरकार पर दबाव बनाकर लक्ष्य बढ़ाने की मांग की। 5 जनवरी से आयोजित धरना को सफल बनाने के लिए पैक्स अध्यक्ष प्रमोद कुमार वर्मा, चंदन कुमार सिंह, राधेश्याम चौधरी, चंदन कुमार, संजय कुमार, राजीव देव, महेश महतो, बाबूलाल महतो, रंजन कुमार सिंह, मनोहर कुमार आदि ने अपनी सहमति दी है। बैठक की अध्यक्षता एलएन मिश्रा ने की।










