पटना | बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ पटना के प्रदेश अध्यक्ष ब्रजनंदन शर्मा का देहान्त हो गया। वे लगभग 95 वर्ष के थे। श्री शर्मा के निधन पर बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने गहरा शोक व्यक्त किया। डॉ. राय तथा प्राच्य प्रभा के प्रबंध संपादक चंद्र किशोर कुमार ने पटना स्थित आवास पर पहुंचकर पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्पण किया। पूर्व सांसद अरुण कुमार, पूर्व मंत्री बिहार सरकार डॉ. अनिल कुमार एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर कुमार ने परिवार के अन्य शोक संतप्त सदस्यों से मिलकर सांत्वना दी।
शोक व्यक्त करते हुए डॉ. राय ने कहा कि स्मृतिशेष श्री शर्मा एक संगठनकर्ता के साथ-साथ एक कुशल मार्गदर्शक और मेरे अभिवावक भी थे। उन्होंने शिक्षक कर्मचारी के हितों की रक्षा करने के लिए अपने आपको समर्पित कर दिया था। अपने जीवन काल में उन्होंने शिक्षक एवं शिक्षार्थी हित में एक से बढ़कर एक आंदोलन किया तथा सफलता हासिल की। उनके निधन से सिर्फ प्राथमिक शिक्षक संघ की ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के शिक्षकों कर्मचारियों के लिए अपूरणीय क्षति हुई है।
जिला माध्यमिक शिक्षक संघ, बेगूसराय के अध्यक्ष उमानंद चौधरी ने श्री शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्री शर्मा शिक्षकों के गार्जियन स्वरूप थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें तथा परिवार को असीम वेदना को सहन करने के लिए शक्ति प्रदान करे।
शोक संवेदना प्रकट करने वालों में जिला माध्यमिक शिक्षक संघ बेगूसराय के उपाध्यक्ष भगीरथ प्रसाद राय, मंजू सिंह, जिला सचिव रणजीत कुमार, सदस्य राज्य कार्यसमिति डॉ. सुदर्शन कुमार, कोषाध्यक्ष फैजुर रहमान, संयुक्त सचिव डॉक्टर अर्चना, अपूर्व घोष, सुशील कुमार चौधरी, गणेश झा, कंचन कुमारी, जिला मूल्यांकन परिषद अध्यक्ष मो. सलीम उद्दीन, जिला मीडिया प्रभारी साकेत रंजन भारती, बेगूसराय अनुमंडल अध्यक्ष मिथिलेश कुमार झा आदि शामिल रहे।










