- कांग्रेस के बुनियादी कैंप में पंचायत से संसद तक हिस्सेदारी का संकल्प
- समापन सत्र को कांग्रेस प्रदेश राजेश राम ने भी किया संबोधित
बेगूसराय | बेगूसराय में भारतीय युवा कांग्रेस के दो दिवसीय बुनियादी शिविर का समापन पंचायत चुनाव में महिलाओं की मजबूत दावेदारी के संकल्प के साथ हुआ। यह शिविर भारतीय युवा कांग्रेस के नेतृत्व में ‘शक्ति अभियान’ के तहत चलाया गया था। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से आईं महिला नेतृत्वकर्ताओं को एक साझा मंच प्रदान किया गया। इसमें उन्होंने राजनीति की बारीकियां सीखीं। कैंप के दूसरे दिन महिला साथियों ने विभिन्न रंगों के माध्यम से नए साल के अपने राजनैतिक संकल्पों को व्यक्त किया। प्रतिभागियों ने साझा किया कि वे क्यों सदन (विधानसभा/संसद) में जाना चाहती हैं और कैसे महिलावादी राजनीति पितृसत्तात्मक ढांचे को चुनौती दे सकती है।

मनरेगा पर प्रहार और आर्थिक न्याय की मांग
सत्र को संबोधित करते हुए NSUI के नेशनल को-ऑर्डिनेटर जय मौर्या ने मनरेगा की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से मनरेगा के बजट में कटौती कर इसे खत्म करने की साजिश कर रही है, जिसका सीधा असर ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता पर पड़ा है।
शक्ति क्लब : जमीनी बदलाव का माध्यम
कार्यक्रम में बिहारभर में गठित ‘शक्ति क्लबों’ की समीक्षा की गई। चर्चा का मुख्य केंद्र रहा कि कैसे इन क्लबों के माध्यम से जमीनी स्तर पर महिलाओं को संगठित कर उन्हें राजनैतिक रूप से जागरूक किया जाए। आगामी पंचायत चुनाव में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनके नेतृत्व को उभारने के लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

प्रदेश कांग्रेस में महिलाओं की उचित भागीदारी होगी
समापन सत्र को संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि शक्ति अभियान की ये बेटियां और बहनें बिहार की राजनीति का भविष्य हैं। मैं आश्वासन देता हूं कि प्रदेश कांग्रेस में महिलाओं की वास्तविक हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी और उन्हें संगठन में उचित स्थान मिलेगा।
बिहार शक्ति अभियान – बुनियादी कैंप के दूसरे दिन @INCBihar अध्यक्ष श्री @rajeshkrinc जी के साथ शिरकत कर महिला साथियों से संगठन निर्माण, राजनीतिक समझ और नेतृत्व विकास के विषयों पर संवाद की।
साथ ही जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए हुए पार्टी के साथियों को संबोधित की।#बेगूसराय… pic.twitter.com/AHqB3q70I5— Amita Bhushan (@AmitaBhushan1) January 5, 2026
ऐसे प्रशिक्षण महिलाओं में आत्मविश्वास भरते हैं
दो दिनों तक प्रशिक्षण में मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहीं पूर्व विधायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अमिता भूषण ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास भरते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग का वादा किया।
आधी आबादी अपना पूरा हक लेकर रहेगी
बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीबदास ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि ‘शक्ति अभियान’ अब बिहार के हर गांव और पंचायत तक पहुंचेगा और “आधी आबादी” अपना “पूरा हक” लेकर रहेगी।

बिहार के अपमान पर बरसी नारी शक्ति
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित महिलाओं ने उत्तराखंड की भाजपा सरकार की मंत्री के पति द्वारा बिहार के लोगों के खिलाफ की गई विवादास्पद और अपमानजनक टिप्पणी के विरुद्ध कड़ा रोष प्रकट किया। शक्ति अभियान की साथियों ने इसे ‘बिहारी अस्मिता’ पर हमला करार देते हुए भाजपा की मानसिकता पर सवाल उठाए। कहा कि भाजपा को इस अपमान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।










