- परिमार्जन के लिए 15 हजार की रिश्वत लेते धराया था
पटना | अररिया जिला अंतर्गत नरपतगंज अंचल के फरही पंचायत में परिमार्जन के नाम पर रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी मो. इम्तियाज आलम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग मंत्री विजय कुमार सिन्हा के निर्देश पर अररिया डीएम द्वारा की गई। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कहा कि मौसम बदला है, सभी आदत सुधार लें नहीं तो सख्त कार्रवाई होगी।
बताते चलें कि उक्त राजस्व कर्मचारी को निगरानी विभाग की टीम ने मंगलवार की शाम को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद आरोपी को पूछताछ हेतु पटना लाया गया।
जीरा टॉलरेंस की नीति अपना रही सरकार : विजय सिन्हा
उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के सही काम में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में रिश्वतखोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम नागरिकों और किसानों के कार्य ससमय, पारदर्शी और बिना लेन-देन के करना सभी की जिम्मेदारी है। दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार की प्राथमिकता भ्रष्टाचारमुक्त राजस्व प्रशासन उपलब्ध कराना है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कदाचार को बर्दाश्त नहीं जाएगा।
दाखिल-खारिज में सुधार के बदले मांगी थी घूस
नरपतगंज के रामघाट कोशकापुर निवासी कमलेश्वरी यादव ने पटना स्थित विशेष निगरानी इकाई के कार्यालय में एक शिकायत दर्ज कराई थी। परिवादी का आरोप था कि उनके जमीन के कागजातों में दाखिल-खारिज के बाद ऑनलाइन नाम और रकवा गलत दर्ज हो गया था। इसे ही सुधारने के लिए जब उन्होंने इम्तियाज आलम से संपर्क किया तो कर्मचारी ने काम के बदले अवैध राशि की मांग की। राशि दिए जाने के बावजूद कार्य नहीं किया था। इसके बाद कर्मचारी ने पुनः 20 हजार रुपए की मांग की। इस पर उसने विशेष निगरानी इकाई से शिकायत की।
प्रेस विज्ञप्ति
21.01.2026अररिया में परिमार्जन के नाम पर रिश्वत लेते गिरफ्तार राजस्व कर्मचारी निलंबित, शीघ्र होगी बर्खास्तगी@NitishKumar @VijayKrSinhaBih @IPRDBihar #Action#Corruption#LandSurvey#BiharBhumi#BiharRevenueAndLandReformsDept pic.twitter.com/kJ8Y41nImA
— Revenue and Land Reforms Department (@BiharRevenue) January 21, 2026










