- उपमुख्यमंत्री सुनेंगे लोगों की जमीन से जुड़ी समस्याएं
पटना | भूमि से जुड़े मामलों में आम लोगों की परेशानी दूर करने के लिए 28 जनवरी को गयाजी जिले के बोधगया स्थित कन्वेंशन सेन्टर में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस संबंध में उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि संवाद कार्यक्रम में हर अंचल के लिए अलग-अलग रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे। इन काउंटर पर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी, भूमि विवाद, अतिक्रमण समेत अन्य सभी शिकायतों से संबंधित मामलों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। खास बात यह है कि हर काउंटर पर दूसरे अंचल के कर्मचारी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी व्यक्ति को आवेदन देने से रोके जाने की शिकायत न हो। पूर्व के जन कल्याण संवाद में रजिस्ट्रेशन को लेकर मिली शिकायतों के बाद यह नई व्यवस्था लागू की गई है।
सुबह 9 बजे से रजिस्ट्रेशन, 11 बजे से जनकल्याण संवाद
आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर होगा। इसके बाद 11 बजे से 2:30 बजे तक उपमुख्यमंत्री अधिकारियों-कर्मचारियों को आमने-सामने बैठाकर आम लोगों की समस्या सुनेंगे। आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर लिखना जरूरी है। इससे आवेदन पर होने वाली आगे की कार्रवाई की जानकारी मोबाइल पर मैसेज के जरिए दी जा सकेगी।

अधिकारियों की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों पर सख्ती
इसी दिन दोपहर 3:30 बजे से 6 बजे तक महाबोधि संस्कृति केंद्र, बोधगया में राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इसमें प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचलाधिकारी, अमीन और राजस्व कर्मचारी भी शामिल रहेंगे। समीक्षा बैठक में सभी अंचलाधिकारी, अमीन और राजस्व कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। चिकित्सा और उपार्जित अवकाश को छोड़कर पहले से स्वीकृत सभी अवकाश निरस्त माने जाएंगे।
जनकल्याण संवाद में आए सभी आवेदनों पर होगी कार्रवाई
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस संवाद के दौरान के दौरान रजिस्ट्रेशन होने वाले सभी आवेदनों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है। सभी आवेदनों को जन शिकायत पोर्टल पर अपलोड कर उस पर होने वाली कार्रवाई से आवेदनकर्ता को उनके द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर मैसेज से सूचना दी जाती रहेगी।
माननीय उपमुख्यमंत्री सह मंत्री, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग श्री @VijayKrSinhaBih की गरिमामयी उपस्थिति में बुधवार दिनांक 28 जनवरी को कन्वेंशन सेंटर, बोधगया (गयाजी) में “भूमि सुधार जनकल्याण संवाद “ का आयोजन किया जा रहा है।@NitishKumar@IPRDBihar@gaya_dm#LandSolutions#Gaya pic.twitter.com/mJNaPz67Vh
— Revenue and Land Reforms Department (@BiharRevenue) January 25, 2026










