बेगूसराय | देश के हर भाग में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बेगूसराय के VPS कंप्यूटर में भी राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। संस्थान निदेशक वीएन ठाकुर ने झंडोत्तोलन के उपरांत राष्ट्रगान के बाद छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक अवकाश या झंडा फहराने का दिन नहीं बल्कि यह कर्तव्य, अनुशासन और जिम्मेदारी का पर्व है। हमारा संविधान हमें अधिकार देता है, लेकिन साथ ही यह भी सिखाता है कि इन अधिकारों की रक्षा कैसे की जाए। आप सभी भारत के भविष्य हैं। आज देश को ऐसे युवाओं की जरूरत है जो ईमानदार हों, मेहनती हों, अनुशासित हों, और राष्ट्र के प्रति समर्पित हों।
हर भूमिका में देश सेवा संभव
संस्थान के महाप्रबंधक ललन कुमार ने कहा कि यह दिन हमें याद दिलाता है कि 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि चाहे आप कंप्यूटर प्रोग्रामर बनें, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, उद्यमी या एक अच्छे नागरिक! हर भूमिका में देश सेवा संभव है।
ये लोग भी रहे मौजूद
कार्यक्रम में वीपीएस द्वारा संचालित कुशल युवा कार्यक्रम के लगभग 50 छात्रों के साथ साथ MMHAPU के बीसीए के छात्र सहित सभी शिक्षकगण वीरेंद्र कुमार, कृष्णा शांडिल्य, गोविंद कुमार, विवेक कुमार, रौतम कुमार, संतोष कुमार, आशीष रंजन, चाँदनी कुमारी, सौम्या कुमारी, कोमल कुमारी एवं प्रिया कुमारी उपस्थित थे।










