- साधु के वेश में गांव-गांव घूम कर भिक्षा मांगता था आरोपी
- पुलिस ने आरोपी और पीड़िता दोनों का मेडिकल कराया
बेगूसराय। नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के कुसमहौत गांव में झाड़ फूंक के नाम पर 25 वर्षीय महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता और आरोपी दोनों की मेडिकल जांच कराई गई है ताकि मामले की सत्यता सामने आ सके। पुलिस ने आरोपी की पहचान दरभंगा निवासी अरविंद लाल देव के रूप में की है। बताया जाता है कि आरोपी 10 दिन पहले गांव आया था और घूम घूम कर भिक्षा मांगता था।
पति के लापता रहने से परेशान थी महिला
नीमा चांदपुरा थाना अध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित महिला का पति लंबे समय से लापता है। इस कारण वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। कुछ दिन पहले जब तांत्रिक गांव आया था तो महिला ने अपनी परेशानी बताई थी। आरोपी तांत्रिक ने घर जाकर झाड़ फूंक करने की बात कही। मंगलवार सुबह जब तंत्रिका महिला के घर पहुंचा तो वहां कोई नहीं था। आरोपी ने किसी का फायदा उठाकर महिला से दुष्कर्म किया और धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार दूंगा। आरोपी के घर से भागते ही महिला ने शोर मचाया। महिला की बात सुनने के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ा और पुलिस को सूचना दी।
मामले में पुलिस ने क्या किया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने पीड़िता और आरोपी दोनों का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया।
आरोपी का क्या कहना है
गिरफ्तार आरोपी अरविंद लाल देव ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि वह विष्णुपुर स्थित नौलखा मंदिर के समीप रहता है और गांव-गांव में भिक्षा मांगता है।
क्या कहते हैं मुख्यालय डीएसपी
मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि आरोपी पिछले करीब 10 दिनों से कुसमहौत गांव में रहकर झाड़-फूंक करता था। पीड़िता का पति काफी समय से घर से बाहर है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।















