सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में यह भी कह कि अगर कोई निजी स्कूल लड़कियों के लिए अलग शौचालय और सेनेटरी पैड देने में सफल नहीं होते हैं तो उनकी मान्यता रद्द होनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, “यह फैसला उस क्लास के लिए है, जहां लड़कियां मदद मांगने में झिझकती हैं। यह उन शिक्षकों के लिए है जो मदद करना चाहते हैं लेकिन संसाधनों की कमी के कारण नहीं कर पाते।”
दिव्यांगों के लिए भी व्यवस्था
सुप्रीम कोर्ट ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सभी स्कूलों में दिव्यांगों के लिए अनुकूल शौचालय उपलब्ध कराने के लिए कहा है। वहीं सभी राज्यों के स्कूलों में लड़कियों और लड़कों के लिए अलग-अलग टॉयलेट सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
किस मामले के बाद ऐसा फैसला
यह फैसला पिछले साल नवंबर में शुरू हुई कार्यवाही के बाद आया है। तब कोर्ट ने हरियाणा के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में हुई एक शर्मनाक घटना पर स्वतः संज्ञान लिया था। आरोप था कि वहां तीन महिला सफाई कर्मचारियों को माहवारी में होने के सबूत के तौर पर अपने सैनिटरी पैड की तस्वीरें भेजने के लिए मजबूर किया गया था।
कोर्ट ने कहा कि मासिक स्वास्थ्य और स्वच्छता का अधिकार अनुच्छेद 21 के तहत जीवन और निजता के अधिकार का हिस्सा है।
बेगूसराय: तीन सरकारी स्कूलों में है सेनेटरी पैड की व्यवस्था
बेगूसराय के तीन सरकारी स्कूलों में लड़कियों को सेनेटरी पैड देने की व्यवस्था है। हालांकि यह व्यवस्था सरकारी स्तर पर नहीं है। इन स्कूलों में यह व्यवस्था नोबा ( नेतरहाट विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र संघ) ओर से की गई है।
1. राजकीयकृत मध्य विद्यालय बीहट की शिक्षिका अनुपमा सिंह ने बताया कि छठी से आठवीं तक 330 छात्राएं हैं और विद्यालय में 12 शिक्षिकाएं तैनात हैं। यहां 2020 और 2025 में सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगाई गई है। ये मशीनें सेना में तैनात किशन जी, शिक्षिका अनुपमा सिंह और नोबा की ओर से दी गई हैं।

2. राजकीयकृत मध्य विद्यालय मोहनपुर के प्रधानाध्यापक विनय कुमार ने बताया कि उनके विद्यालय विद्यालय में भी सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगी है। इसे भी नोबा ने लगवाया है। हालांकि पैड लेने के लिए छात्राओं को दो रुपए खर्च करने पड़ते हैं। शुरुआत में प्रधानाध्यापक खुद सेनेटरी पैड खरीदकर लाते थे और जरूरत पड़ने पर छात्राओं को बांटते थे। ऐसा करने से लड़कियों के स्कूल नहीं आने की संख्या में कभी आई।

3. इसी तरह उत्क्रमित मध्य विद्यालय पर्रा, वीरपुर में भी सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन लगी है। प्रधानाध्यापक मनोज कुमार झा ने बताया कि यहां भी मशीन नोबा की ओर से लगाई गई है। स्कूल में 6ठी से आठवीं तक 88 लड़कियां और 8 महिला शिक्षक हैं।















