बेगूसराय | 10 श्रमिक संगठन, कृषक संगठन एवं सेवा संगठनों के द्वारा राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल के समर्थन में भाकपा बेगूसराय अंचल परिषद की ओर से गुरुवार को प्रतिरोध मार्च निकाला गया। एसएच 55 हरदिया चौक से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एवं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुतला के साथ जुलूस निकाला गया। बेगूसराय प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचकर गगनभेदी नारों के साथ प्रदर्शन करते हुए कार्यालय कर्मी एवं पदाधिकारियों से हड़ताल में शामिल होने का आह्वान किया गया।
कामरेड विवेकानंद राय की अध्यक्षता में आहूत धरना को संबोधित करते हुए अंचल प्रभारी अनिल कुमार अंजान ने कहा कि अब भारत का नीति निर्धारण दिल्ली से नहीं वाशिंगटन से होता है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेशपाल बन चुके हैं। भारत-पाक युद्ध रुकवाने संबंधित ट्रंप का बयान, भारत के ऊपर जानलेवा टैरिफ थोपना और अभी-अभी जो भारत अमेरिका के बीच समझौता हुआ है वो सब के सब भारत के विरुद्ध है। और तो और भारत के प्रधानमंत्री का कैरियर बर्बाद करने का धमकी देना और नरेंद्र मोदी का चुप्पी यह साबित करता है कि ये बिल्कुल ट्रंप के गिरफ्त में जा चुके हैं। देश को बचाने के लिए हर हाल में मोदी और भाजपा से मुक्ति पाना होगा।
इन मांगों के साथ नेताओं ने दिया धरना
धरना को पार्टी नेता इंद्रदेव कुमार, पंचायत समिति सदस्य सुनील कुमार, कुसमहौत पंचायत के मुखिया पवन सदा, बहदरपुर पंचायत के मुखिया सुरेंद्र पासवान, पूर्व अंचल मंत्री चंद्र मोहन साह अकेला ने भी संबोधित किया। पुतला दहन अंचल मंत्री श्याम बहादुर सिंह ने किया। इस दौरान मनरेगा योजना लागू करो, बुलडोजर राज मुर्दाबाद, ट्रंप मोदी हाय-हाय, किसान विरोधी कानून वापस लो, मजदूर विरोधी कानून वापस लो, स्थानीय युवाओं को रोजगार दो, स्कीम वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दो, ठेका प्रथा बंद करो, ई रिक्शा और ऑटो चालकों को एनएच एवं एसएच पर चलने से रोकना बंद करो आदि नारे लगाए गए।










