बेगूसराय | जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देशानुसार शहर में बढ़ती जाम की समस्या एवं अतिक्रमण की स्थिति की समीक्षा को लेकर नगर आयुक्त सोमेश बहादुर माथुर के कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुगम बनाना, मुख्य सड़कों एवं चौक-चौराहों से अतिक्रमण हटाना तथा आमजन को राहत प्रदान करना रहा। समीक्षा के क्रम में निर्देश दिया गया कि चिन्हित अतिक्रमण स्थलों पर नियमित अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाए, नो-पार्किंग क्षेत्रों में सख्ती से कार्रवाई की जाए तथा यातायात पुलिस द्वारा पीक आवर में अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सार्वजनिक परिवहन वाहनों के निर्धारित स्टॉपेज का पालन, ई-रिक्शा एवं ऑटो संचालन के लिए व्यवस्थित रूट निर्धारण तथा जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
नगर निगम की टीम अस्थायी अतिक्रमण पर निरंतर निगरानी रखे
नगर निगम की टीम को निर्देशित किया गया कि सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा पुनः अतिक्रमण करने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित समीक्षा करते हुए शीघ्र प्रभावी सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि शहरवासियों को जाम एवं अव्यवस्था से राहत मिल सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बेगूसराय, पुलिस उपाधीक्षक ट्रैफिक सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने शहर के प्रमुख जाम-प्रभावित क्षेत्रों, अवैध पार्किंग, सड़क किनारे लगाए गए अस्थायी दुकानों तथा यातायात नियमों के अनुपालन की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की।










