- पीएम किसान एफआर की रफ्तार तेज, 54.1 फीसदी सत्यापन पूर्ण
- 22 फरवरी को दोपहर तक 46.27 लाख से अधिक किसानों का एफआर पूरा
पटना | राज्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्रेशन (FR) सत्यापन अभियान में तेजी देखी जा रही है। 22 फरवरी को दोपहर 2 बजे तक जारी राज्य स्तरीय रिपोर्ट के अनुसार कुल 85,53,570 पंजीकृत किसानों में से 46,27,777 किसानों का एफआर सत्यापन पूर्ण कर लिया गया है, जो कुल का 54.1 प्रतिशत है। रिपोर्ट के अनुसार, आज रविवार होने के बावजूद 8,320 किसानों का ई-केवाईसी किया गया, जबकि 12,516 नए एफआर जोड़े गए। वहीं, प्रधानमंत्री किसान योजना के अंतर्गत कुल 23,27,928 किसानों का एफआर सत्यापन पूर्ण हो चुका है, जो कुल का 27.22 प्रतिशत है।
बेगूसराय में 96% किसानों का सत्यापन
जिलों की रैंकिंग में वैशाली 107 फीसदी एफआर के साथ पहले स्थान पर है। इसके अलावा शिवहर 98%, बेगूसराय 96%, कटिहार (86%), बक्सर (87%) और किशनगंज (79%) ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इन जिलों में प्रशासनिक सक्रियता और कैंप आधारित ई-केवाईसी अभियान का सकारात्मक असर देखने को मिला है। गया में 54%, मुजफ्फरपुर में 64% तथा दरभंगा में 65% FR सत्यापन पूरा किया गया है।
जमुई में केवल 21% काम हुआ
रिपोर्ट के अनुसार सारण में केवल 22%, जमुई में 21%, सिवान में 27% और पूर्वी चंपारण में 32% एफआर ही पूरा हो सका है। इन जिलों में प्रशासनिक स्तर पर विशेष अभियान चलाने की आवश्यकता बताई जा रही है, ताकि राज्य का समग्र प्रतिशत शीघ्र बढ़ाया जा सके। राज्य सरकार द्वारा सभी जिलों की प्रतिदिन समीक्षा कर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ई-केवाईसी एवं एफआर सत्यापन कार्य की लगातार समीक्षा कर लक्ष्य पूरा किया जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।










