- बागमती नदी घाट पर चला व्यापक स्वच्छता अभियान
- ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के तहत उमड़ा जनसैलाब
दरभंगा | रविवार की सुबह दरभंगा के मब्बी स्थित महादेव मंदिर के समीप बागमती नदी घाट पर एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला, जब संत निरंकारी मिशन द्वारा ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ अभियान के चौथे चरण में भव्य स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक चले इस अभियान में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सेवादारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। घाट के साथ-साथ महादेव मंदिर परिसर की भी व्यापक सफाई की गई। सेवादारों ने घाट क्षेत्र से प्लास्टिक, कचरा एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया।
देश के 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया अभियान
मिशन के स्थानीय प्रतिनिधि शिशो, दरभंगा टाउन एवं लहेरियासराय के मुखी नंद किशोर राय, राजकुमार प्रसाद एवं रामाशीष सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि यह अभियान देश के 1500 से अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया। इस व्यापक भागीदारी ने इसे एक ऐतिहासिक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान किया है, जो जल संरक्षण एवं स्वच्छता के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावशाली ढंग से पहुँचा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ सहबाजपुर के मुखिया शबानी जी, सदर प्रमुख उदय कुमार सहनी, शिशो के मुखिया अजय कुमार ठाकुर एवं सरपंच ऊनवार खां द्वारा सामूहिक रूप से सफाई कर किया गया। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं झाड़ू उठाकर घाट की सफाई की और समाज को पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

जल की रक्षा और संवर्द्धन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य
सेवादारों ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि समाज को यह अनुभूति कराना है कि जल केवल एक प्राकृतिक संसाधन नहीं, बल्कि जीवन का आधार और ईश्वर की अमूल्य देन है। इसकी रक्षा और संवर्द्धन प्रत्येक नागरिक का नैतिक एवं सामाजिक कर्तव्य है। पिछले तीन वर्षों से संत निरंकारी मिशन, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का सफल संचालन करता आ रहा है। यह पहल जल संरक्षण को एक दिन के कार्यक्रम तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली, संस्कार और सेवा भाव के रूप में आत्मसात करने की प्रेरणा दे रही है।

पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता आज की सबसे बड़ी आवश्यकता
स्थानीय प्रतिनिधियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और सक्रिय सहभागिता की सुदृढ़ चेतना विकसित होना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। सबने एक स्वर में कहा कि दरभंगा में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल एक स्वच्छता अभियान रहा, बल्कि जल के प्रति कृतज्ञता, प्रकृति के प्रति सम्मान और मानवता के प्रति समर्पण का भव्य सामाजिक संकल्प बनकर उभरा। ‘प्रोजेक्ट अमृत’ अब एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सशक्त जनआंदोलन बन चुका है। इस कार्यक्रम में मनहर, विशाल,दीपक, डॉ शशिबाला, वर्षा रानी, अरविंद कुमार सिंह,संजय कुमार राजू, योगेंद्र, मुरारी राय, किशुन राम,मनोज,रणवीर एवं सैकड़ो में महिला और पुरुष सेवादारों ने अपनी सहभागिता दी।










