- ऑल इंडिया 19वां स्थान, तीसरे प्रयास में बड़ी सफलता
बेगूसराय | शहर के पोखरिया मोहल्ला निवासी आशीष कुमार सिन्हा रसायन शास्त्र (केमिकल साइंस) में राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा CSIR NET में बिहार टॉपर बने हैं। इनकी ऑल इंडिया रैंकिंग 19 है। यह सफलता उन्हें अपने तीसरे प्रयास में मिली। इससे पहले दो प्रयासों में वे नेट-पीएचडी के लिए क्वालिफाई कर चुके थे, लेकिन इस बार उन्होंने और बेहतर प्रदर्शन करते हुए उत्कृष्ट रैंक प्राप्त की। आशीष ने बताया कि उनकी सफलता का मुख्य आधार मजबूत आधारभूत संकल्पनाएं और निरंतर अभ्यास रहा। उन्होंने प्रत्येक विषय की मूल अवधारणाओं को गहराई से समझने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, पिछले प्रयासों में हुई गलतियों का सूक्ष्म विश्लेषण कर उन्हें सुधारने की ठोस रणनीति बनाई। आशीष की इस उपलब्धि से उनके परिवार और शिक्षकों में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों का कहना है कि आशीष ने यह सिद्ध कर दिया है कि निरंतर प्रयास, अनुशासन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
गलतियों को नहीं दोहराने के संकल्प से सफलता
गौरतलब है कि सीएसआइआर नेट परीक्षा देश में शोध और अध्यापन के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। इस परीक्षा में उच्च रैंक प्राप्त करना अत्यंत कठिन होता है, जिसके लिए गहन अध्ययन और मजबूत विश्लेषणात्मक क्षमता की आवश्यकता होती है। आशीष सिन्हा की यह सफलता न केवल उनके लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि “यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और तैयारी ईमानदारी से की जाए, तो सफलता निश्चित है।” उन्होंने कहा कि हर असफलता ने मुझे यह सिखाया कि कहां कमी रह गई थी। मैंने अपनी कमजोरियों को पहचाना, नियमित मॉक टेस्ट दिए और त्रुटियों को नोट कर नहीं दोहराने का संकल्प लिया।
क्या होता है सीएसआइआर नेट
सीएसआइआर नेट (Council of Scientific and Industrial Research – National Eligibility Test) एक राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा है। यह परीक्षा विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों के लिए होती है, जो जूनियर रिसर्च फेलोशिप (JRF) या लेक्चरशिप/सहायक प्रोफेसर बनने के इच्छुक होते हैं। सीएसआइआर नेट पांच विषयों में आयोजित की जाती है— रासायनिक विज्ञान, भौतिक विज्ञान, जीवन विज्ञान, गणितीय विज्ञान और पृथ्वी विज्ञान। परीक्षा का प्रारूप वस्तुनिष्ठ होता है और प्रश्नपत्र तीन भागों में विभाजित रहता है। भाग A (सामान्य अभिरुचि), भाग B तथा भाग C (विषय आधारित उन्नत प्रश्न)। भाग C में विश्लेषणात्मक और संकल्पनात्मक प्रश्न पूछे जाते हैं, जो अभ्यर्थी की शोध क्षमता की जांच करते हैं।










