- बिहारी समुदाय द्वारा भव्य नाट्य की प्रस्तुति
पटना / टोक्यो | भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 के महानायक, वीरता और अदम्य साहस के प्रतीक बाबू वीर कुंवर सिंह की गौरवगाथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर गूंजी। जापान की राजधानी टोक्यो में छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के पावन अवसर पर बिहारी समुदाय द्वारा एक भव्य संगीमय नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया गया, जिसमें वीर कुंवर सिंह के शौर्य, नेतृत्व और राष्ट्रप्रेम को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। इस ऐतिहासिक प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि पहली बार जापान की धरती पर बिहार के इस महान सपूत की वीरता को नाट्य मंचन के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों एवं युवाओं ने उत्साह और भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
संवाद और नृत्य के माध्यम से प्रभावशाली प्रस्तुति
80 वर्ष की आयु में भी अंग्रेजों के विरुद्ध युद्ध का नेतृत्व करने वाले वीर कुंवर सिंह के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को संगीत, संवाद और नृत्य के माध्यम से अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस प्रस्तुति ने न केवल भारतीयों बल्कि जापान में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को भी भारत के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराया।
बिहार फाउंडेशन जापान एवं बिहार झारखंड एसोसिएशन जापान के सदस्यों एवं बच्चो के द्वारा यह प्रस्तुति दी गयी । आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उद्देश्य विदेशों में रह रही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और महान विभूतियों से जोड़ना है। इस अवसर पर कलाकारों और बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि विश्व पटल पर भी अपनी पहचान बना रही है। आयोजकों ने कहा कि यह प्रयास बिहार के गौरवशाली इतिहास को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








