- बच्चों के बेहतर पोषण और स्वच्छता का संकल्प लिया गया
बेगूसराय | जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के मार्गदर्शन में नीति आयोग द्वारा संचालित ‘संपूर्णता अभियान’ के तहत राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर पीएम श्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय कैलाशपुर में एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विज्ञान को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे जन-स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण से जोड़ने की अनूठी पहल की गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से तीन स्तंभों—स्वच्छ पेयज, हाइजीन मैनेजमेंट और पोषण जागरूकता पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों के जरिए यह प्रदर्शित किया कि कैसे सूक्ष्म विज्ञान हमारे दैनिक स्वच्छता व्यवहार को प्रभावित करता है और किस प्रकार संतुलित आहार बीमारियों के विरुद्ध सुरक्षा कवच का कार्य करता है।
हर बच्चे को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना ही हमारा लक्ष्य
विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण दास ने कहा कि आज का विज्ञान प्रयोगशालाओं से निकलकर हमारे जीवन की गुणवत्ता को सुधारने का माध्यम बन चुका है। नीति आयोग के संपूर्णता अभियान का लक्ष्य हर बच्चे को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। वहीं कला शिक्षक उपेंद्र चौधरी ने कहा कि जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के आलोक में हम बच्चों को रमन प्रभाव के साथ-साथ सूक्ष्म जीव विज्ञान और स्वच्छता के अंतर्संबंधों को समझा रहे हैं, ताकि वे एक स्वस्थ जीवनशैली अपना सकें। कार्यक्रम को पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि दीपक मिश्रा ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य स्वास्थ्य और पोषण के प्रमुख संकेतकों में जमीनी स्तर पर सुधार लाना है। विद्यालयी स्तर पर किए जा रहे ये प्रयास एक सशक्त और स्वस्थ बेगूसराय की नींव रखेंगे। इस अवसर पर पिरामल फाउंडेशन की ओर से आरती शर्मा, माया कौशल्या संस्था के रोशन कुमार उपस्थित थे।

प्रमुख गतिविधियां एवं चर्चा के विषय
- जल शुद्धिकरण: छात्रों को पानी को शुद्ध रखने के वैज्ञानिक तरीकों और जलजनित रोगों से बचाव की जानकारी दी गई।
- हाइजीन और स्वच्छता: पिरामल फाउंडेशन के सहयोग से हाथ धोने के सही चरणों और व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व को समझाया गया।
- पोषण की शक्ति: स्थानीय स्तर पर उपलब्ध मौसमी फलों और सब्जियों में मौजूद पोषक तत्वों की पहचान कर कुपोषण मुक्त समाज बनाने पर जोर दिया गया।
छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण का संचार
इस अवसर पर बच्चो के बीच विभिन्न प्रकार के प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्रकला में प्रथम अनुष्का कुमारी, द्वितीय स्वीटी कुमारी, तृतीय स्थान संध्या कुमारी रही। क्विज में प्रथम स्थान बंटी कुमार, प्रिय रानी, द्वितीय स्थान सुमित एवं आयुषी कुमारी को मिला। बेहतर साफ सफ़ाई में आनंद कुमार, लक्ष्मी कुमारी, पल्लवी कुमारी एवं ब्यूटी कुमारी को पुरस्कार मिला। कायर्क्रम को सफल बनाने में शिक्षक सज्जन कुमार शर्मा, प्रेम कुमार, राजकिशोर कुमार, दिनेश कुमार का योगदान सराहनीय रहा।











