बेगूसराय | तारा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, विक्रमपुर में बुधवार को डीएलएड सत्र 2025 -27 के नव प्रशिक्षुओं के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय के सचिव राज किशोर सिंह, महाविद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य अगम कुमार, प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार सिंह एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा स्वर्गीय तारा देवी के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कार्यक्रम के प्रारंभ में डीएलएड द्वितीय वर्ष के प्रशिक्षुओं द्वारा गणेश वंदना एवं स्वागत गान की प्रस्तुति की गई।
प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए सचिव राज किशोर सिंह ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं, भविष्य दृष्टा होते हैं। शिक्षकों के हाथ में ही देश की उन्नति और अवनति होती है। इसी कारण मैं आप सभी का इस महाविद्यालय में स्वागत करते हुए आशा करता हूं कि आप भविष्य के प्रभावी शिक्षक होंगे जो इस देश को नई दिशा और दशा दे सकेंगे। प्रबंध समिति के सदस्य अगम कुमार एवं प्राचार्य ने संबोधन में कहा कि आप सभी नव प्रशिक्षुओं के सहयोग एवं सहायता के लिए महाविद्यालय परिवार सदैव तत्पर रहेगा। साथ ही आप सबों को हर परिस्थिति में अध्ययन के लिए महाविद्यालय में अनुकूल वातावरण मुहैया कराया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने एवं नव प्रशिक्षुओं ने एक-दूसरे को अपना-अपना परिचय दिया। कार्यक्रम को एकसूत्र में बांधने का काम उद्घोषक की भूमिका में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. गोपाल कुमार झा ने किया।








