- तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा जिला प्रशासन
- बियाडा कैंपस ही उतरेगा सीएम का हेलीकाप्टर
बेगूसराय | शनिवार 14 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत बेगूसराय आ रहे हैं। वे बरौनी प्रखंड के असुरारी स्थित बियाडा कैंपस में विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास के बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी समृद्धि यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जिला प्रशासन जुटा है। कार्यक्रम को सफल एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री एवं एसपी मनीष ने गुरुवार को बरौनी प्रखंड अंतर्गत बियाडा क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम स्थल पर मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, आवागमन व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।

असुरारी स्थित बियाडा परिसर में ही बनाया जा रहा हेलीपैड। newsvistabihजिला पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी तैयारियां समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि आगंतुकों एवं आमजन की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा संबंधित अधिकारियों को यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। जिला प्रशासन द्वारा सभी विभागों के समन्वय से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।











