Download App from

CM नीतीश कुमार ने बेगूसराय में 400 याेजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया

  • समृद्धि यात्रा के दौरान जिले को दी 274 करोड़ रुपये की सौगात
  • जिले में चल रही विभिन्न योजनाओं का लिया जायजा

बेगूसराय | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण के तहत शनिवार को बेगूसराय पहुंचे। यहां उन्होंने बियाडा कैंपस में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने बियाडा प्रांगण में बेगूसराय जिला अंतर्गत 274 करोड़ रुपये की लागत से 400 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 165 करोड़ रुपये की लागत से 211 योजनाओं का उद्घाटन तथा 109 करोड़ रुपये की लागत से 189 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रगति यात्रा से घोषित योजनाओं, सात निश्चय-2 और सात निश्चय-3 कार्यक्रमों को तेजी से लागू करने का निर्देश दिया गया।

मुख्यमंत्री ने यात्रा के क्रम में निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल की प्रगति कार्य का जायजा लिया एवं अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। अधिकारियों से कहा कि चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का निर्माण कार्य समय सीमा के अंदर पूरा हो। अस्पताल परिसर में चिकित्सकों एवं कर्मियों के आवासन की सुविधा सुनिश्चित कराएं। इसके बाद उन्होंने केम्प्टी बेवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड, मेडिवर्सल सिमरन, मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, बेगूसराय एवं ऋषभराज (कूलप्लस प्लाटोवेयर) का शिलापट्ट अनावरण कर उ‌द्घाटन तथा एपिक एग्रो प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने नेचर पॉलीप्लास्ट लिमिटेड का निरीक्षण कर वहां प्रोडक्शन किए जा रहे सामग्रियों के संबंध में जानकारी ली।

हर जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर रहे
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमलोग पूरे बिहार में औद्योगिक इकाइयों को बढ़ावा देने में लगे हैं। हर जिले में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जा रही है। इस प्रकार के नए उद्योग स्थापित होने से लोगों को रोजगार मिलेगा तथा इससे आसपास के इलाकों का भी काफी विकास होगा। उन्होंने बियाडा प्रांगण में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने 9715 जीविका स्वयं सहायता समूहों को बैंकों से ऋण के तहत 578 करोड़ 9 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति का निबंधन प्रमाण पत्र, 13 दीदी अधिकार केंद्र की चाबी, सतत जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाबी, 405 जीविकोपार्जन योजना के लाभार्थियों हेतु जीविकोपार्जन निवेश निधि के तहत 2 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का सांकेतिक चेक आदि लाभुकों को प्रदान किया।

जीविका दीदियों की हरसंभव मदद करेगी सरकार
जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि आपके द्वारा हम महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं। इसके लिए हम सभी आपके आभारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी जीविका दीदियों को बधाई है। आप सभी बहुत अच्छा काम कर रही हैं। आगे भी पूरे बुलंदी के साथ काम करते रहिए, राज्य सरकार हरसंभव मदद करेगी।
लालू परिवार पर हमला, 2005 से पहले सुरक्षा का भरोसा नहीं था
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से पहले अपराध और डर का माहौल था। लोग शाम होते ही घरों से निकलने से कतराते थे। लोगों को सुरक्षा का भरोसा नहीं था। उनकी सरकार आने के बाद कानून व्यवस्था को मजबूत हुआ। पुरानी सरकारों में हिंदू-मुस्लिम दंगे आम बात थी, लेकिन उन्होंने सत्ता संभालते ही कब्रिस्तानों की घेराबंदी करवाई और बाद में मंदिरों की भी बाउंड्री बनवाई। अब गांव-गांव सड़कों से जुड़ चुके हैं।
एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए उद्योगों को बढ़ावा दे रहे हैं। स्वरोजगार करने वालों को सुविधाएं दे रहे हैं। उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को विशेष आर्थिक पैकेज दिया जा रहा है। युवाओं को अपना रोजगार शुरू करने के लिए स्टार्टअप नीति भी बनाई गई है।

अरे कहां जा रही है, हम बंद कर दें…
नीतीश कुमार के भाषण के दौरान ही कुछ महिलाएं जाने लगीं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा ‘अरे कहां जा रही है? हम बंद कर दें? हम तो देख रहे थे पहले उधर से जा रही थी। सब भागिएगा तो हम छोड़ दें? यहां तो सब कुछ है, फिर भागते काहे को हो, सब जानोगे तब ना जानोगे। इसके बाद उठकर जाने वाली महिलाएं अपनी जगह बैठ गईं। ये महिलाएं कोई और नहीं जीविका दीदी थीं।
सीएम के आने से पहले हेलीपैड पर मची अफरा-तफरी
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले एक सांड़ हेलीपैड के अंदर पहुंच गया। वहां मौजूद पुलिसकर्मी उसे बाहर निकालने की कोशिश करने लगे, लेकिन सांड़ ने पुलिसकर्मियों को ही दौड़ा दिया। एक पुलिसकर्मी को जान बचाने के लिए दमकल पर चढ़ गया। देर तक अफरा-तफरी के माहौल बना रहा। काफी मशक्कत के बाद सुरक्षाकर्मी उस सांड़ को हेलीपैड से बाहर निकालने में सफल हुए।
बेगूसराय में भी जल्द बनेगा एयरपोर्ट
जनसभा को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जल्द ही बेगूसराय में भी एयरपोर्ट बनाने का काम शुरू किया जाएगा। राज्य को समृद्ध बनाने के लिए उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है। राज्य में आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है। पहले पटना से बेगूसराय जाने में चार से पांच घंटे लगते थे, लेकिन अब यह दूरी डेढ़ से दो घंटे में तय हो रही है। उन्होंने बताया कि हल्दिया से रक्सौल एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है, जिसके बाद बेगूसराय से कोलकाता की दूरी भी पांच से छह घंटे में तय की जा सकेगी।

मंच पर ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री सुरेंद्र मेहता, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, एमएलसी सर्वेश कुमार, विधायक अभिषेक आनंद, विधायक रजनीश कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) सुनील कुमार, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार सिन्हा, बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

संबंधित खबर

कल बेगूसराय में CM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा

Picture of विनोद कर्ण

विनोद कर्ण

पत्रकारिता में 37 वर्षों का अनुभव। 1988 में पटना से प्रकाशित होने वाले हिन्दी दैनिक नवभारत टाइम्स से जुड़े। 1995 से 2000 तक मधुबनी से हिन्दी दैनिक आज के जिला संवाददाता रहे। अप्रैल 2000 से अगस्त 2002 तक अमर उजाला के जालंधर संस्करण में अबोहर के ब्यूरो चीफ रहे। गंभीर रूप से दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण इस पेशे से 4 साल दूर रहे। 2006 में दैनिक जागरण, बेतिया से नई पारी शुरू की। तीन माह बाद सिल्लीगुड़ी स्थानांतरित। फिर पटना तबादला। 2008 से 2014 तक दैनिक जागरण, बेगूसराय और खगड़िया में ब्यूरो चीफ रहे। 2014 से 2017 तक दैनिक जागरण भागलपुर में डेस्क पर सीनियर सब एडिटर रहे। उसके बाद से न्यूज पोर्टल लाइव सिटीज, बिफोर प्रिंट और टॉप हिन्दी न्यूज से जुड़े रहे। वर्तमान में समकालीन तापमान के साथ-साथ newsvistabih.com न्यूज पोर्टल में स्वतंत्र रूप से लेखन जारी।
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

HUF Registration Services In India
Digital marketing for news publishers

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: wetter in Indien morgen

राशिफल

error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x