- औरंगाबाद जिले के मंझीयावां गांव की घटना
- 15 लोग घायल, ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया
औरंगाबाद | जिले के मंझीयावां गांव में शनिवार रात बरात देखने के लिए लोग छत पर जुटे थे। इसी दौरान छत का छज्जा और रेलिंग टूटकर गिर गई, जिसमें दबकर दो ग्रामीणों की मौत हो गई। जबकि 15 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान गांव के ही सत्यनारायण सिंह और अखिलेश्वर यादव के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में दुल्हन के भाई बताए जा रहे हैं। अखिलेश्वर यादव धनबाद के कल्याण चक कोयलियरी में सिब्बल ऑपरेटर था जबकि सत्यनारायण खेती-किसानी करता था।

जानकारी के अनुसार, पकड़ी गांव से बरात मंझीयावां गांव में रामव्यास सिंह के घर आई थी। बरात देखने के लिए काफी महिलाएं और ग्रामीण रामव्यास के पड़ोसी अमोद सिंह के घर की छत पर जमा हो गए। अत्यधिक भीड़ के कारण छत का छज्जा और रेलिंग भरभराकर गिर गई। उस समय छत के नीचे बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे, जिससे कई लोग मलबे के नीचे दब गए। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला और निजी वाहनों से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज दाउदनगर अस्पताल, ओबरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और अन्य उच्च केंद्रों में चल रहा है।
हादसे के बाद जयमाला समेत कई रस्में पूरी किए बिना ही किसी तरह विवाह की औपचारिकता पूरी कराई गई और सुबह बरात वापस लौट गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।










