- राष्ट्रीय अधिवेशन में बिहार का नेतृत्व करेंगे प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम
- 28 से 30 नवंबर तक आयोजित होगा अधिवेशन
- देशभर से 1500 से अधिक कार्यकर्ता लेंगे हिस्सा
बेगूसराय | अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए 30 कार्यकर्ताओं की टोली गुरुवार को देहरादून रवाना हुई। टोली का नेतृत्व उत्तर बिहार के प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार कर रहे हैं। प्रदेश मंत्री पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि आज विद्यार्थी परिषद 60 लाख से अधिक सदस्यता के साथ विश्व के सबसे बड़े छात्र संगठन के रूप में स्थापित हुआ है। इसी का परिणाम है कि देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के छात्रसंघ चुनाव में विद्यार्थी परिषद की शानदार जीत हुई है।
पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि अधिवेशन में 1500 से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। इसरो के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एस. सोमनाथ उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि होंगे। अधिवेशन में यशवंतराव केलकर युवा पुरस्कार उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी श्रीकृष्ण पांडेय को दिया जाएगा। रानी आवाक्य को समर्पित प्रदर्शनी में विशेष कलश रखे जाएंगे। 29 नवंबर को शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें देश की सांस्कृतिक झलक दिखेगी।
अधिवेशन में क्या होगा
अधिवेशन में शिक्षा, समाज, तकनीक, पर्यावरण, खेल और युवा नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विमर्श किया जाएगा। साथ ही उत्तराखंड समेत हिमालयी राज्यों के विकास माडल और यहां की आपदाओं से निपटने के स्थायी समाधान पर भी मंथन होगा।
क्या खास होगा इस बार
महारानी अब्बक्का प्रदर्शनी में अभाविप की विचारधारा, संगठन के राष्ट्रीय–राज्य स्तरीय अभियान, स्वतंत्रता संग्राम के अमर नायक, संस्कृति पुनर्जागरण की विभूतियां और विशेष रूप से रानी अब्बक्का की वीरता को प्रेरक और प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन आचार्य बालकृष्ण करेंगे।










