- पुलिस मान रही गैंगवार, गैंगस्टर विक्रम शर्मा पर 50 से अधिक मुकदमे हैं दर्ज
- जमशेदपुर के दोनों शूटरों की हुई पहचान, पत्नी ने भाई पर जताया हत्या का शक
रांची/देहरादून | एजेंसी| झारखंड के जमशेदपुर शहर के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात शुक्रवार की सुबह तब हुई जब विक्रम शर्मा शहर के सिल्वर सिटी मॉल के जिम से बाहर निकलकर आया था। उसे हमलावरों ने बहुत करीब से गोलियों से भून दिया। हत्या का कारण संपत्ति और व्यावसायिक विवाद बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में विक्रम का अपने भाई अरविंद शर्मा से विवाद चल रहा था। अरविंद पिछले 17 वर्षों से जमशेदपुर के ट्रांसपोर्टर अशोक शर्मा की हत्या के मामले में फरार है। विक्रम शर्मा मूल रूप से उत्तराखंड के काशीपुर जिले के बाजपुर का निवासी था। हालांकि उसके अपराधों की भूमि झारखंड थी, जहां उस पर 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डेढ़ घंटे जिम में रहा, उतरते ही अपराधियों ने दो गोली सिर में मारी
अमन विहार रायपुर निवासी विक्रम शर्मा (45 वर्ष) शुक्रवार सुबह नौ बजे सिल्वर सिटी सिटी स्थित एनी टाइम, एनी क्लब जिम में गया था। डेढ़ घंटे जिम में बिताने के बाद वह नीचे उतर रहा था। उसी दौरान घात लगाए दो हमलावरों ने फायरिंग कर दी। दो गोलियां विक्रम शर्मा के सिर में लगीं। हमलावर बाइक से फरार हो गए। विक्रम शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों मृत घोषित कर दिया।

विक्रम के पास पिस्टल थी, लेकिन चलाने का मौका ही नहीं मिला
पुलिस के अनुसार, तीन हमलावर बिना नंबर की पल्सर बाइक पर आए थे। इनमें से एक बदमाश मुख्य मार्ग पर बाइक स्टार्ट कर पर बैठा था, जबकि दो माल के अंदर घुसे। हत्या के बाद दोनों तुरंत बाइक पर बैठ भाग निकले। बताया जा रहा है कि विक्रम को जान का खतरा था, इसी कारण वह हमेशा पिस्टल लेकर चलता था। हमले के समय भी पिस्टल उसके पास था।
#WATCH | Uttarakhand | In Dehradun, a shootout took place near Silver City on Rajpur Road. Vikram Sharma, who was returning from the gym, was shot dead, and the assailants fled from the scene. Visuals from the spot.
SP (City), Pramod Kumar, told ANI over the phone that police… pic.twitter.com/cI7QR8v5Y6
— ANI (@ANI) February 13, 2026
आरोपितों और विक्रम पर दर्ज हैं कई मामले
जमशेदपुर पुलिस के अनुसार, विक्रम शर्मा पर हमला करने वाले दोनों शूटर जमशेदपुर के आकाश व आशुतोष हैं। दोनों पर जमशेदपुर में हत्या की कोशिश, रंगदारी के लिए फायरिंग समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि विक्रम शर्मा पर झारखंड व अन्य राज्यों में 50 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें से 30 से अधिक हत्या के हैं। जमशेदपुर में हुई एक हत्या के मामले में वह 2017 में गिरफ्तार हुआ था। 2021 में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आ गया था।










