विनोद कर्ण/बेगूसराय | मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नरेंद्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में राजनीति की दिशा को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ तौर पर घोषणा की कि वह राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ हैं। उन्होंने कहा – “राजद हमारे हैं और हम राजद के हैं। हमारी कोई मजबूरी नहीं है। बेगूसराय की जनता के आशीर्वाद से हमें रोटी, कपड़ा और सम्मान सबकुछ प्राप्त है। यह मेरा घर है, इसे कोई न छूएगा, न तोड़ेगा।”
इंसानियत ही सबसे बड़ा धर्म
प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि वह जात-धर्म की राजनीति में विश्वास नहीं करते। “मैं केवल इंसानियत को मानता हूं। यही कारण है कि बेगूसराय जिला और मटिहानी विधानसभा क्षेत्र से मुझे पूर्ण नैतिक समर्थन मिला है। मुझे बेगूसराय की मिट्टी पर गर्व महसूस होता है।”
यादव समाज पर दिए गए बयान पर मांगी माफी
बोगो सिंह ने अपने पुराने विवादित बयान पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा-हमने कहा था कि जो शिक्षित और बुद्धिजीवी यादव हैं, वह NDA के साथ हैं और जो मूर्ख यादव हैं, वह लालू जी के साथ हैं। इस कथन से यादव समाज को ठेस पहुंची है तो मैं सहज भाव से माफी मांगता हूं।
टिकट का फैसला तेजस्वी यादव पर छोड़ दिया
पूर्व विधायक ने राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि यह निर्णय हमारे नेता तेजस्वी यादव लेंगे। जो आदेश होगा, उसका पालन करेंगे। हम मुद्दों की राजनीति करते हैं, पार्टी की नहीं।
नीतीश कुमार पर सीधा हमला
बोगो सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा- हमने नीतीश कुमार का सम्मान हमेशा किया, लेकिन पिछले पांच वर्षों से उन्होंने हमें सम्मान देना उचित नहीं समझा। यह मेरा दुर्भाग्य है। मैं कभी नीतीश कुमार का बंधुआ मजदूर नहीं रहा। अगर मैं बंधुआ रहा भी तो मटिहानी और बेगूसराय के मान-सम्मान का मजदूर रहा। पहले हम मिट्टी के नहीं होंगे, तब नीतीश जी खाक होंगे। यह भी याद दिलाया कि शासन-प्रशासन की नाकामी के विरोध में उन्होंने कई बार अनशन किया था, लेकिन नीतीश सरकार ने कभी भी उनकी भावनाओं का सम्मान नहीं किया।
संबंधित खबर