लखीसराय | बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ‘अमृत लक्खी महोत्सव’ यात्रा में शामिल हुए। यह यात्रा बाबा दुखहरण की पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई और हाथीदह, बादपुर, बड़हिया, बालगुद्दर होते हुए अशोकधाम में बाबा महादेव पर जलार्पण के साथ सम्पन्न हुई। पत्रकारों से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सनातन संस्कृति में सभी चर और चराचर का सम्मान करते हैं और नकारात्मक मानसिकता को समाप्त करने की ईश्वर से कामना करते हैं। लक्खी महोत्सव का आगाज करने से पहले विजय कुमार सिन्हा ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बाइक यात्रा निकाली। यात्रा मार्ग पर लोगों ने फूलों से स्वागत किया। अशोकधाम मंदिर में उपमुख्यमंत्री ने परिवार के साथ भगवान शंकर का रूद्राभिषेक किया। यहां भी उनके साथ दरभंगा स्नातक क्षेत्र के विधान पार्षद सर्वेश कुमार ने सपत्नी पूजा-अर्चना की।
प्रगति के क्रम में परंपरा को नहीं भूलें
लखीसराय में आज से शुरू हुए दो दिवसीय अमृत लक्खी महोत्सव 2025 का शुभारंभ आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर के अनूठे संगम के रूप में हुआ। यहां उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि “अमृत लक्खी महोत्सव महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि यह अस्मिता और विरासत की वंदना है। यह महोत्सव हमें यह बोध कराता है कि प्रगति के क्रम में परंपरा को नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अमृत लक्खी महोत्सव की लोकप्रियता इतनी बढ़ेगी कि यह राजकीय महोत्सव से आगे बढ़कर राष्ट्रीय धरोहर का अंग बनेगा।
लखीसराय को उल्लेखनीय इलाका बनाना है
विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रहे विकास और विरासत संरक्षण के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि राम मंदिर और जानकी मंदिर का पुनर्विकास आस्था के साथ-साथ आर्थिक विकास का भी उदाहरण है। इसी तर्ज पर लखीसराय को भी उल्लेखनीय इलाका बनाना है, जहां परंपरा से जुड़े स्थान पर्यटन केंद्र और उत्सव उद्यमिता के वाहक बनें।
मनोज तिवारी ने सांस्कृतिक कार्यक्रम में समां बांधा
वहीं दूसरी ओर केआरके मैदान में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने महोत्सव को और भी खास बना दिया। मुख्य अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध गायक, अभिनेता एवं सांसद मनोज तिवारी मृदुल शामिल हुए और श्रद्धालुओं ने महाआरती में भाग लिया। भाजपा सांसद सह भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने संगीत से समां बांध दिया और खूब तालियां बटोरी। इससे पूर्व मनोज तिवारी बिहार के देवघर कहे जाने वाले अशोक धाम स्थित श्री इंद्रदमेश्वर महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक के साथ आरती की।
आज #अमृत_लक्खी_महोत्सव_यात्रा का शुभारंभ अपने हजारों हजार की संख्या में आए हुए क्षेत्रवासियों के साथ बाबा दुखहरण के पूजा पाठ करने के पश्चात, यात्रा शुरू किया। बाबा दुखहरण मंदिर में पूजन-अर्चन कर सभी क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और मंगलकामनाओं की प्रार्थना की।
यात्रा हाथिदह,… pic.twitter.com/st62ygPgZu
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) September 6, 2025
माता लक्ष्मी के नाम पर पड़ा जिले का नाम
जिला पदाधिकारी मिथलेश मिश्र ने बताया कि यह पर्व समुद्र मंथन से शिवसागर में माता लक्ष्मी के प्रकट होने का प्रतीक है। इसी कारण इस क्षेत्र का नाम माता लक्ष्मी के नाम पर पड़ा, जो बाद में लखीसराय बन गया। महोत्सव को लेकर केआरके मैदान में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिसमें जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। महोत्सव के दौरान डीएम ने विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया।
संंबंधित खबर
डिप्टी CM विजय सिन्हा बोले-बिहारियों की तुलना बीड़ी से करना नकारात्मक साेच