- शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र और 15000 की सम्मान राशि दी
- प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कर के लिए नामित किया था
बेगूसराय | राजकीय मध्य विद्यालय बीहट के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने राजकीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया। रंजन कुमार को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। मंत्री ने प्रधानाध्यापक रंजन कुमार को अंग वस्त्र, प्रशस्ति पत्र और 15 हजार की सम्मान राशि भेंट की। रंजन कुमार को यह सम्मान शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ, विभाग के सचिव बैद्यनाथ यादव, प्राथमिक शिक्षा निदेशक मिथिलेश मिश्र और एससीईआरटी के निदेशक सज्जन आर की उपस्थिति में दिया गया।
28 वर्षों से शिक्षण क्षेत्र से जुड़े हैं रंजन
मटिहानी प्रखंड के महेंद्रपुर निवासी रंजन कुमार वर्ष 1996 में शिक्षण क्षेत्र से जुड़े। शिक्षक के रूप में पहली सेवा 1996 में प्राथमिक विद्यालय तिलरथ में दी। वर्ष 2003 में मटिहानी स्थित चाक प्राथमिक विद्यालय स्थानांतरित हुए। 2007 से 2012 तक मध्य विद्यालय रामदीरी में अपनी सेवा दी। इसके बाद स्नातक शिक्षक के रूप में प्रोन्नति मिली तो 2015 तक उत्क्रमित मध्य विद्यालय, सुघरन (डंडारी) में शिक्षक रहे। यहां के बाद 15 मई 2016 तक उत्क्रमित मध्य विद्यालय बीहट-3 में पदस्थापित किया गया। जब प्रधानाध्यापक के रूप में प्रोन्नत हुए तो 16 मई 2016 से मध्य विद्यालय बीहट में पदस्थापित हैं। यहां उन्होंने स्कूल के शिक्षक, स्थानीय लोग और जन प्रतिनिधियों के सहयोग से विद्यालय की व्यवस्थाओं में बदलाव लाने शुरू किए। बदलाव के बाद कई आयाम स्थापित किए। विद्यालय के मॉडल को सरकार ने भी अपनाया। विद्यालय के कई छात्राें ने राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
