- 22 मार्च को लेट्स इंस्पायर बिहार के चार साल पूरे होंगे
- 22 मार्च को पटना के बापू सभागार में विकसित बिहार संकल्प सभा का आयोजन
बेगूसराय | IG विकास वैभव ने कहा कि 22 मार्च को लेट्स इंस्पायर बिहार अपने चार साल पूरा करने जा रहा है। मौके पर पटना के बापू सभागार में 22 मार्च 2025 को ‘विकसित बिहार संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। बेगूसराय में शनिवार को लेट्स इंस्पायर बिहार के बेगूसराय को-ऑर्डिनेटरों के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा कि कई लोग बिहार में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए काम कर रहे हैं। वे चाहते हैं कि बिहार में बड़ा परिवर्तन हो। हमारे अभियान से बिहार के लोगों को बेहतर शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
शिवदीप लांडे और निशांत कुमार के बारे में क्या-कुछ कहा
आइपीएस शिवदीप लांडे के इस्तीफे पर विकास वैभव ने कहा कि हर व्यक्ति का अपना निजी फैसला होता है। इस पर वे ज़्यादा टिप्पणी नहीं करेंगे। IAS-IPS की नौकरी छोड़कर समाज सेवा और राजनीति में जाना हर व्यक्ति का अपना व्यक्तिगत कारण हो सकता है, किसी व्यक्ति विशेष पर टिप्पणी नहीं होनी चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में आने के सवाल पर कहा कि राजनीति में अच्छे लोगों को आना ही चाहिए। बड़ा परिवर्तन तभी होगा जब जाति-संप्रदाय से ऊपर उठकर प्राचीन बिहार की तरह आगे बढ़ेंगे। IAS-IPS ही नहीं कई लोग ऐसे हैं जो सब कुछ छोड़कर बिहार को आगे बढ़ाना चाहते हैं। बैठक में प्रभाकर कुमार राय, डॉ. धीरज शांडिल्य, शिवप्रकाश भारद्वाज, ब्रजेश कुमार, बिंदु कुमारी सहित अन्य उपस्थित थे।
लेट्स इंस्पायर बिहार की अब तक उपलब्धि
- पहला जनसंवाद 10 दिसंबर 2023 को बेगूसराय के जीडी कॉलेज में हुआ था, जिसमें 50,000 से ज्यादा लोग आए थे।
- 21 जनवरी 2024 को आरा में दूसरा और 1 दिसंबर 2024 को सासाराम में तीसरा जनसंवाद हुआ।
- 8 दिसंबर 2024 को छपरा के राजेंद्र स्टेडियम में चौथा जनसंवाद हुआ। इसमें करीब 30 से 35 हजार लोग शामिल हुए।
- 9 फरवरी 2025 को हाजीपुर में पांचवां जनसंवाद हुआ।
- बिहार के सभी जिलों, भारत के बड़े शहरों और विदेशों में अब तक 1600 से ज्यादा कार्यक्रम हो चुके।
