- बेगूसराय विधानसभा क्षेत्र के लाखो में कांग्रेस की ओर से अति पिछड़ा अधिकार सह बहुजन सम्मेलन आयोजित
- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार कांग्रेस में हुए शामिल
- जिले में जदयू के ये दूसरे ऐसे नेता जिन्होंने एक माह के अंदर पार्टी छोड़ दूसरे दल का हाथ थामा
बेगूसराय | विधानसभा चुनाव से ठीक पहले टिकट की आस लिए जिले में दल बदलने का सिलसिला शुरू है। पहले मटिहानी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ बोगो सिंह जदयू को छोड़ राजद में शामिल हुए और अब रविवार को जदयू के अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव राजेश कुमार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हुए। राजेश कुमार की ओर से बेगूसराय के लाखो में आयोजित अति पिछड़ा अधिकार सह बहुजन सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद, कांग्रेस अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश शशि पंडित आदि शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने बिहार में कांग्रेस की टिकट बंटवारे में एससी-एसटी, ईबीसी, ओबीसी सहित हर वर्ग को समान हिस्सेदारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत न्याय यात्रा’ ने देशभर में गरीब, मजदूर, किसान और नौजवान की आवाज को बुलंद किया है। कांग्रेस धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय के लिए हमेशा संघर्षरत रही है। बिहार में NDA सरकार के विपरीत हवा बह चुकी है। सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। चुनाव आयोग द्वारा SIR मामले में क्लीन चिट देने पर उन्होंने कहा कि आयोग को यह भी बताना चाहिए की 65 लाख 64 हजार लोगों के जो नाम हटाए गए वे कौन लोग थे और क्यों हटाए गए? हटाने का क्या कारण था?
वोट चोरी कर सरकार बनाती है BJP : शकील अहमद
कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ शकील अहमद खान ने कहा कि राहुल गांधी केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और भाईचारे के प्रतीक हैं। कांग्रेस की विचारधारा भाजपा से अलग है। भाजपा प्रोपगेंडा के आधार पर सत्ता चाहती है, जबकि कांग्रेस ने अंग्रेजों की गुलामी से आजादी दिलाई। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसान कर्ज में दबे हैं, नौजवान बेरोजगार हैं और गरीब महंगाई से त्रस्त हैं। उन्होंने कहा कि BJP वोट चोरी कर सरकार बना लेती है अगर इसे रोकना है तो हम सभी को एक होना होगा अन्यथा इसी तरह से यह सरकार बनाती रहेगी।
26 सितंबर से हर घर अधिकार सम्मेलन : शिवप्रकाश गरीब दास
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शिवप्रकाश गरीब दास ने कहा कि यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि आगामी 26 सितंबर से चंपारण की धरती से प्रियंका गांधी के “हर घर अधिकार सम्मेलन” के माध्यम से माई बहन योजना व घोषणाओं पर चर्चा होगी। अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष शशि पंडित ने कहा कि यह सम्मेलन अति पिछड़ा अधिकार की जागरूकता और बिहार में परिवर्तन की लहर का प्रतीक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अबकी बार महागठबंधन की सरकार बनेगी।
एक सीट अल्पसंख्यक समाज को मिले : सार्जन सिंह
राजेश कुमार को जिला अध्यक्ष अभय कुमार सिंह सार्जन ने कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। जैसे ही उन्होंने पार्टी का पट्टा ओढ़ाया पूरा स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा। राजेश कुमार ने भरोसा जताया कि वे कांग्रेस के साथ जुड़कर अंतिम पंक्ति के लोगों की आवाज बुलंद करेंगे। सार्जन सिंह ने बेगूसराय के सात विधानसभा सीटों में से एक सीट अल्पसंख्यक समाज को देने की मांग की। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार राय ने किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय सचिव सुनील पासी, पूर्व विधायक अमिता भूषण, महेश राय, रवि कुमार, विजय पासवान और मिथिलेश पासवान के अलावा हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
संबंधित खबर
नीतीश कुमार के नेतृत्व में BIHAR की तरक्की हो रही : विजय कुमार