Download App from

Bihar Assembly Election : जंगलराज ने बेगूसराय के भविष्य पर ताला लगा दिया- पीएम मोदी

पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बेगूसराय के उलाव हवाई अड्‌डा मैदान में चुनावी रैली को संबोधित किया। कहा कि जंगलराज ने बेगूसराय के भविष्य पर ताला लगा दिया था।
  • बेगूसराय की भाषा में बोले – हम तोरा सब के प्रणाम करई छियो
  • बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर और लखीसराय के NDA प्रत्याशियों के समर्थन में मांगे वोट

उलाव हवाई अड्‌डा (बेगूसराय) | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में चुनावी प्रचार का शंखनाद किया। उन्होंने पहले समस्तीपुर स्थित कर्पूरीग्राम और बाद में बेगूसराय के उलाव हवाई अड्‌डा मैदान में चुनावी रैली को संबोधित किया। यहां बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर और लखीसराय जिले के NDA समर्थित उम्मीदवारों के लिए वोट मांगते समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरी रौ में थे। उन्होंने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना था। उन्होंने कहा कि एक समय था जब ये क्षेत्र देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक था। बरौनी में सायरन बजता था तो पूरा बिहार गर्व से भर जाता था। 60 के दशक में यहां रिफाइनरी लगी, बिजली का कारखाना लगा। उम्मीदें जगीं, लेकिन फिर क्या हुआ। फिर जंगल राज आ गया। बिहार के उद्योगों पर ताले लग गए। फैक्ट्रियां बंद हो गईं। निवेशक भाग गए। ये ताले फैक्ट्री पर नहीं, आपके भविष्य पर लगा दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाषण शुरू करते हुए कहा कि सिमरिया धाम और माता जयमंंगला देवी की इस पावन धरती पर मैं बिहार के इस विशाल जनमानस को प्रणाम करता हूं। हम तोरा सब के प्रणाम करई छियौ, की हालचाल छो। उन्होंने कहा कि साथियों, आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया, नीतीश जी पर आशीर्वाद बरसाया। NDA के लिए आपका यही प्यार अब बिहार में विकास को नए दौर की तरफ ले जा रहा है। हमने जंगलराज को सुशासन में बदला। अब सुशासन को समृद्धि में बदलने का समय है।

राजद कांग्रेस तो खुद ही अपने आप में समस्या
राजद कांग्रेस तो खुद ही अपने आप में एक समस्या है। इनके पास बिहार की समस्याओं का न कभी समाधान था और न कभी होगा। ये संवेदनहीन वो लोग हैं जो बाढ़ आने पर भी गरीबों का मजाक उड़ाते हैं। इनकी ऐसी ही सोच ने बिहार को उत्तर और दक्षिण बिहार में बांटे रखा। गरीब, पिछड़ों को जान पर खेल कर गंगा जी को पार करना पड़ता था। लेकिन इन्होंने गंगा जी पर नए पुल बनाने के लिए काम नहीं किया। आप देखिए कि पिछले कुछ साल में गंगा जी पर कितने पुल बने। बिहार के लोग राजेंद्र सेतु पर ही निर्भर थे, उसकी बगल में 6 लेन पुल बना। इसने उत्तर और दक्षिण बिहार की दूरी को 100 किमी कम कर दिया।

कांग्रेस शासनकाल में मोबाइल बनाने वाली केवल दो कंपनियां थीं
पीएम मोदी ने नौजवानों से कहा- जरा मोबाइल फोन बाहर निकालिए और मोबाइल की लाइट जला दीजिए। ये मोबाइल कांग्रेस के समय में बहुत महंगा था और विदेश से मंगाना पड़ता था। कांग्रेस के समय में देश में मोबाइल बनाने वाली सिर्फ 2 फैक्ट्रियां थीं। अब देश में मोबाइल फोन बनाने वाली 200 से ज्यादा फैक्ट्रियां हैं।

चमकते बिहार का मजा लीजिए… गाने पर झूमीं महिलाएं
महागठबंधन के 4 नाम : लटक दल, झटक दल, फटक और पटक दल
एक तरफ NDA है जिसमें नीतीश जी, मांझी जी, उपेंद्र जी और चिराग पासवान की सूझबूझ से भरा हुआ नेतृत्व है। इसको भाजपा की हमारी टीम दिलीप जी, सम्राट जी और विजय सिन्हा जी से मजबूती मिलती है। वहीं दूसरी तरफ लाठियां भांज रहा महालठबंधन है। ये लोग मेरे खिलाफ कुछ भी बोलें, लेकिन पीठ पीछे एक दूसरे की खाल खींच रहे हैं। इनमें घटक दल नहीं, लटक दल, झटक दल, फटक और पटक दल शामिल हैं। बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता, इसलिए पूरे बिहार में एक ही नारा गूंज रहा है। वो ये कि ‘नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर आएगी NDA सरकार।’

बेगूसराय में गरीबों को 60 लाख पक्के घर मिले
आपका मोदी चांदी का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुआ। मोदी गरीबी में रहा और पला बढ़ा। हमारी सरकार ने 11 साल में 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर गरीब परिवारों को दिए हैं। इनमें से 60 लाख पक्के घर बेगूसराय के गरीबों को मिले हैं।
गांवों में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाना मेरा लक्ष्य
पीएम मोदी ने कहा कि मेरा लक्ष्य देश के गांवों में 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का है। बिहार सरकार ने इसके लिए महिला रोजगार सम्मान योजना शुरू की है, ये बहुत ही बड़ी पहल है। इसलिए आप सभी को इन महिला विरोधी कांग्रेस और राजद वालों से सावधान रहना है। इनके लिए हर रास्ता बंद करना है। आपने हमेशा मोदी पर भरोसा किया, नीतीश जी पर आशीर्वाद बरसाया। NDA के लिए आपका यही प्यार अब बिहार में विकास को नए दौर की तरफ ले जा रहा है।

पीएम मोदी ने महिलाओं से मांगा आशीर्वाद
दीपावली के दो दिन बाद और छठ से एक दिन पहले लाखों माताओं-बहनों को यहां देखना मेरे लिए सुखद आश्चर्य है। मैं सोच नहीं सकता कि कल छठ मइया का पर्व है, और हमें आशीर्वाद देने के लिए माताएं-बहनें और बेटियां आशीर्वाद देने आई हैं। उन्होंने कहा कि जंगलराज वालों को जवाब देना है और इस बार बिहार में NDA की जीत का नया रिकॉर्ड बनाना है। हर परिवार में जाकर बुजुर्गों को बताना कि मोदी जी बेगूसराय आए थे। मंच संचालन बेगूसराय नगर निगम की डिप्टी मेयर सह भाजपा नेत्री अनिता राय किया।

Picture of हिमांशु शेखर

हिमांशु शेखर

17 वर्षों से पत्रकारिता का सफर जारी। प्रिंट मीडिया में दैनिक भास्कर (लुधियाना), अमर उजाला (जम्मू-कश्मीर), राजस्थान पत्रिका (जयपुर), दैनिक जागरण (पानीपत-हिसार) और दैनिक भास्कर (पटना) में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्य करने के बाद पिछले एक साल से newsvistabih.com के साथ डिजिटल पत्रकारिता।
4 1 vote
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

कोरोना अपडेट

Weather Data Source: wetter in Indien morgen

राशिफल

error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x