बेगूसराय | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अक्टूबर (शुक्रवार) को बेगूसराय के उलाव हवाई अड्डा मैदान में दोपहर करीब 2 बजे चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। यहां वे NDA समर्थित उम्मीदवारों के पक्ष में मतदाताओं से वोट मांगेंगे। पीएम मोदी की होने वाली सभा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क है। चुनावी सभा को लेकर गुरुवार को उलाव एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेगूसराय में चुनावी सभा करेंगे तो झूठे वादे और वोट काटने वाली पार्टियों का मनोबल धराशायी हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि बेगूसराय की सातों विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत तय है और बिहार में एक बार फिर एनडीए की मजबूत सरकार बनेगी। बेगूसराय में आयोजित इस सभा में सातों विधानसभा के NDA प्रत्याशी के अलावा खगड़िया और मुंगेर जिले के प्रत्याशी भी होंगे।
मखाना की माला से स्वागत होगा पीएम मोदी का
मध्य प्रदेश के सांसद बीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेगूसराय एयरपोर्ट पर NDA प्रत्याशियों के समर्थन में शंखनाद करेंगे। उनका स्वागत मखाना की माला से किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि एनडीए इस बार बिहार की अधिकांश सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगा।

तेजस्वी का घोषणा पत्र पूरी तरह से छलावा
गिरिराज सिंह ने महागठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि लालू प्रसाद यादव के काफी मिन्नतों के बाद आखिरकार तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया गया। तेजस्वी यादव का घोषणापत्र पूरी तरह से छलावा है। जीविका दीदियों को 30,000 रुपये महीना देने का वादा महज चुनावी भ्रम है।
रैली के कारण ट्रैफिक व्यवस्था में परिवर्तन, भारी वाहन सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक नहीं चलेंगे, नीचे लिंक क्लिक करें
Traffic Plan Begusarai@PM visit@24.10.2025

रैलियों से पहले कर्पूरी ग्राम जाएंगे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम में स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे समस्तीपुर पहुंचेंगे। वहां दोपहर 12.15 बजे पीएम मोदी की पहली जनसभा होगी। समस्तीपुर की सभा के बाद पीएम मोदी बेगूसराय रवाना हो जाएंगे।
पीएम मोदी चुनावी सभा के लिए कब-कब बिहार आएंगे
पीएम मोदी 24 अक्टूबर की रैलियों के बाद 30 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर और छपरा में चुनावी सभाएं करेंगे। बिहार में प्रधानमंत्री के चुनावी कार्यक्रम 2 नवंबर, 3 नवंबर, 6 नवंबर और 7 नवंबर को भी होंगे।

आज अमित शाह भी 4 रैलियों काे संबोधित करेंगे
पीएम मोदी के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी 24 अक्टूबर को बिहार में चार बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे। शाह सीवान और बक्सर में सभाएं करेंगे। इसके बाद वे 25 अक्टूबर को नालंदा, मुंगेर और खगड़िया में रैलियां करेंगे। यह अमित शाह का एक हफ्ते में बिहार का दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वे 16 से 18 अक्टूबर तक तीन दिवसीय दौरे पर थे।

संबंधित खबर
Assembly Election : बेगूसराय में विरोधियों के चक्रव्यूह को भेद पाएंगे कुंदन!











