- भाकपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला फूंका
- कम्युनिस्टों ने नुक्कड़ा सभा कर दोनों देशों के बीच हुए समझौते का विरोध जताया
बेगूसराय | भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बेगूसराय अंचल परिषद की ओर से सोमवार को भारत अमेरिका-समझौता के विरुद्ध भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया गया। कामरेड कमली महतो स्मारक भवन रजौड़ा से पुतला के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस विभिन्न मार्गो से होता हुआ सरस्वती मंदिर चौक एसएच 55 पहुंचा। यहां पुतला दहन किया गया। पुतले को मुखाग्नि पार्टी के वरिष्ठ नेता कामरेड युगेश्वर पासवान ने दी।
मजदूरों से रोजगार छीनने वाला है यह समझौता : अंजान
अंचल मंत्री श्याम बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए अंचल प्रभारी अनिल कुमार अंजान ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने घुटना टेक चुके हैं। भारत-अमेरिका समझौता के नाम पर मोदी देश को गिरवी रखने जा रहे हैं। किसान से खेती व पशुपालन तथा मजदूर से रोजगार छीनने वाला यह समझौता है। इससे महंगाई, बेरोजगारी एवं बिजली बिल में अप्रत्याशित वृद्धि होगी।
इन मांगों के समर्थन में 12 फरवरी राष्ट्रव्यापी हड़ताल
चार श्रम कोड खारिज करवाने, मनरेगा योजना चालू करवाने और साल में 200 दिन रोजगार दिलवाने, स्किल वर्कर्स को सरकारी कर्मचारी का दर्जा दिलवाने, ठेका प्रथा बंद करवाने, स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलवाने एवं बुलडोजर राज के खिलाफ 12 फरवरी को 10 श्रमिक संगठन, सेवा संगठन, किसानों से संबंधित संगठनों की ओर से आहुत राष्ट्रव्यापी आम हड़ताल को सफल बनाने का आह्वान किया। मौके पर पार्टी नेता इंद्रदेव कुमार, चंद्र मोहन शाह अकेला, सुनील कुमार, उमेश सिंह, रविंद्र पासवान, टुनटुन तांती, रामजी तांती, रौशन कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।










