बेगूसराय। नगर निगम वार्ड नंबर 4 में स्थित पीएमश्री उत्क्रमित मध्य विद्यालय कैलाशपुर के बच्चे सोमवार को शैक्षणिक परिभ्रमण पर निकले। विद्यालय के प्रधानाध्यापक श्रीकृष्ण दास ने बताया कि परिभ्रमण के लिए स्कूल से 50 बच्चों को भेजा गया। यह शैक्षणिक परिभ्रमण मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत कराया गया।

विद्यालय के कला शिक्षक उपेन्द्र चौधरी ने बताया कि सभी बच्चों को नगर निगम की महापौर पिंकी देवी, पूर्व महापौर संजय कुमार एवं वार्ड पार्षद रामशरण पासवान हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बच्चे सुबह 7 बजे शैक्षणिक परिभ्रमण पर रवाना हुए। बच्चों को राजगीर, पावापुरी व नालंदा का भ्रमण कराया गया।परिभ्रमण दल में विद्यालय के शिक्षक सज्जन कुमार शर्मा, शिक्षिका कोमल कुमारी, कविता कुमारी, आभा कुमारी व दिनेश कुमार शामिल थे। इन शिक्षकों ने कहा कि विद्यालय से रवाना होते हुए बच्चों के चेहरे पर ऐतिहासिक व सांस्कृतिक स्थलों को देखने जानने व समझने की उत्सुकता साफ झलक रही थी। कला शिक्षक उपेन्द्र चौधरी ने बताया कि परिभ्रमण का मुख्य उद्देश्य बच्चों को बिहार के बारे में जानकारी देने के साथ-साथ उनमें बौद्धिक विकास करना है।










